ALLAHABAD: शहर के जाने माने सर्जन व जीवन ज्योति के निदेशक डॉ। एके बंसल की हत्या को लेकर लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को मामले को लेकर कई संगठनों ने बैठक कर नाराजगी जाहिर की। बता दें कि गुरुवार की शाम बेखौफ बदमाशों ने चैम्बर में घुसकर डॉक्टर की हत्या कर दी थी।

उच्च स्तरीय जांच की मांग

कांग्रेस पार्टी के राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी ने डॉ। एके बंसल की हत्या के प्रति शोक व्यक्त करते हुए घटना को दुखद व दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने घटना की उच्च स्तरीय जांच कराकर दोषी हत्यारों को शीघ्र गिरफ्तार किए जाने की मांग की। उन्होंने डाक्टर के परिवार को तत्काल सुरक्षा प्रदान करने की मांग भी की।

सुनियोजित साजिश बताया

राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस व आल इंडिया ट्रेड यूनियन कांग्रेस की संयुक्त बैठक कर्नलगंज स्थित कार्यालय में हुई। बैठक में सदस्यों ने डॉ। एके बंसल की हत्या पर दुख व्यक्त किया। साथ ही कहा कि घटना को सुनियोजित साजिश के तहत अंजाम दिया गया है। इस मौके पर प्रेसीडेंट देवेन्द्र प्रताप सिंह, राम सागर, अनु सिंह, जितेन्द्र नाथ मौजूद थे।

हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग

प्रगति समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील कुशवाहा ने बैठक का आयोजन किया। सबसे पहले बैठक में मौजूद लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर डॉ। बंसल की दिवंगत आत्मा की शांति के लिए इश्वर से प्रार्थना की। हत्याकांड की निंदा करते हुए हत्यारों को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की गई।

Posted By: Inextlive