इलाहाबाद पहुंचने पर जोरदार स्वागत, सपा-बसपा पर किया हमला

ALLAHABAD: कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थामने वाली डॉ। रीता बहुगुणा जोशी ने मंगलवार को राहुल गांधी की नेतृत्व क्षमता सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल को किसी राष्ट्रीय दल का नेतृत्व करने के लिए अनुभव की जरूरत है। उन्हें अभी सीखना चाहिए। इसके पहले रीता जोशी का भाजपा में शामिल होने के बाद प्रथम प्रयाग आगमन पर जगह-जगह जोरदार स्वागत हुआ। इस दौरान उन्होंने सपा और बसपा पर भी करारे प्रहार किए।

सर्जिकल स्ट्राइक पर टिप्पणी गलत

उन्होंने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक पर राहुल गांधी की टिप्पणी गलत है और कांग्रेस दिशाहीन हो चुकी है। कांग्रेसियों को राहुल का नेतृत्व स्वीकार नही है। कहा कि उन्हें कभी पद की लालसा नही रही। कांग्रेस में भी उन्होंने कभी पद नही मांगा। देश और राष्ट्रहित में उन्होंने भाजपा का दामन थामा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि आतंकवाद से मुकाबले में भारत की विश्व में साख बढ़ी है और सैनिकों का मनोबल ऊंचा हुआ है। सपा सरकार में भ्रष्टाचार, गुंडाराज का आरोप लगाते हुए महागठबंधन की कवायद को बाकी दलों की घबराहट करार दिया। सपा और बसपा पर एक विशेष समुदाय पर को भड़काने का आरोप लगाया। कांग्रेस के राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी और पूर्व सांसद संजय सिंह को भी उन्होंने नही बख्शा। कहा कि प्रमोद तिवारी रामपुर खास के अलावा पूरे प्रदेश में कहीं से चुनाव नहीं जीत सकते और संजय सिंह सीट छोड़कर भाग गए।

सीएम उम्मीदवार बनाने को लगे नारे

जगह-जगह हुए स्वागत में रीता जोशी के पक्ष में सीएम उम्मीदवार बनाए जाने के जमकर नारे लगाए गए। नारों में 'यूपी का सीएम कैसा हो, रीता जोशी जैसा हो' का शोर गूंजता रहा। इसके अलावा कुछ वाहनों में दक्षिणी से भाजपा उम्मीदवार के स्टीकर भी रीता जोशी को लेकर लगाए गए थे। जिसको लेकर चर्चा का बाजार गर्म रहा।

Posted By: Inextlive