- सदर पुलिस की सूचना पर जीआरपी ने पार्सल घर से पकड़ा 100 किलो गांजा

- आंध्र प्रदेश से नारियल की बोरियों के बीच में भेजा गया था गांजा

आगरा। ट्रेनों में गांजा तस्करी के बाद तस्करों ने अब पार्सल के जरिए गांजे की तस्करी शुरू कर दी है। रविवार को सदर पुलिस की सूचना पर जीआरपी ने कैंट स्टेशन से 100 किलो से ज्यादा का गांजा पकड़ा है। इस मामले में तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है।

नारियल के नीचे रखे थे पैकेट

रविवार को थाना सदर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली की आगरा कैंट स्टेशन पर पार्सल के जरिए गांजे की बड़ी खेप आई है। सदर पुलिस ने इसकी जानकारी जीआरपी और आरपीएफ को दी। आगरा कैंट स्टेशन के पार्सल घर में चेकिंग की गई। इसमें आंध्र प्रदेश के विजया नगरम से नारियल की 12 बोरी आई थीं। इन बोरियों को खोल कर देखा तो इसमें नारियल के नीचे गांजे के पैकेट रखे थे। जीआरपी ने इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। बताया गया है कि दो लोग पार्सल बुक कराने वाले थे, जबकि एक व्यक्ति पार्सल को बाहर निकालने में मदद करता है। नारियल की 12 बोरियों में से 11 में नारियल के साथ गांजा रखा गया है। जीआरपी पकडे़ गए लोगों से पूछताछ कर रही है।

बहुत मजबूती से की गई है पैकिंग

नारियल की जिन बोरियों में गांजा पकड़ा गया है, उन बोरियों की पैकिंग बहुत अलग तरीके से की गई थी। इन बोरियों के ऊपर दो बोरियां चढ़ाई गई थीं। नीचे और साइड में नारियल थे। बीच में गांजे के प्लास्टिक से पैक डिब्बे फंसाए गए थे। इनके ऊपर फिर नारियल रखे गए थे। इस डिब्बे में करीब 10 से 12 किलो गांजा है।

Posted By: Inextlive