15 अगस्त तक 10 वार्डो में कूड़ा कलेक्शन शुरु करने में फेल हुआ निगम

डंपिंग ग्राउंड निर्धारण ना होने के कारण अधर में योजना

Meerut । कमिश्नर की फटकार के बाद भले ही नगर निगम ने अधूरी तैयारियों के साथ ही 15 अगस्त से डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन की हामी भर दी हो लेकिन असल में निगम खुद इस योजना के लिए अभी पूरी तरह तैयार नही है ऐसे में निगम किसी ना किसी बहाने से योजना को टालने में लगा हुआ है। हालत यह है कि 15 अगस्त को बीते तीन दिन हो चुके हैं लेकिन निर्धारित 10 वार्डो की सूची तक अभी फाइनल नही की गई है। वहीं कूड़ा उठाने के बाद कूड़े के निस्तारण के लिए निगम डंपिंग ग्राउंड अभी सवाल बना हुआ है।

दो दिन से नही हुई शहर की सफाई

15 अगस्त को डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन का दावा करने वाले निगम ने कलेक्शन शुरु करना तो दूर बल्कि 15 अगस्त से शहर की सफाई भी ठप पड़ी है। 15 अगस्त को सार्वजनिक अवकाश होने के कारण निगम के सफाई कर्मचारियों ने भी अवकाश मनाया। वहीं दूसरे दिन पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी की मृत्यु के कारण घोषित अवकाश में भी शहर में सफाई अभियान नही चल सका। जिस कारण से शहर की कालोनियां तो दूर प्रमुख मार्गो पर भी कूडे़ के ढेर लगे रहे।

20 वार्डो में कलेक्शन की योजना

निगम अभी 10 वार्डो में डोर टू डोर कलेक्शन को शुरु भी नही कर पाया है और 10 अन्य वार्डो में अगले माह से कलेक्शन की योजना बना रहा है। जबकि निगम के पास अभी कूड़ा डंपिंग ग्राउंड की जगह तक उपलब्ध नही है। निगम के मंगतपुरा स्थित प्लांट पर कोर्ट के आदेश से तलवार लटकी हुई है ऐसे में गावड़ी प्लांट पर ही निगम निर्भर है लेकिन उसे भी अब निगम ने नही लिया है।

अवकाश के कारण 15 अगस्त को कलेक्शन शुरु नही हो सका था। वार्डो की सूची बना दी गई है। कार्यालय खुलते ही डयूटी लगाई जाएगी।

- डॉ। कुंवर सेन, नगर स्वास्थ्य अधिकारी

किन वार्र्डो में कूड़ा कलेक्शन किया जाना है इन वार्डो की जानकारी तक अभी नही दी गई है। सभी वार्डो में कूड़े का ढेर लगा हुआ है।

अब्दुल गफ्फार पार्षद

कूड़ा कलेक्शन व्यवस्था अभी तक कॉलोनियों में निजी कर्मचारियों तक सीमित है। किस वार्ड में कूड़ा उठ रहा है इसकी जानकारी निगम को देनी चाहिए।

नदीम अहमद

कूड़ा कलेक्शन का काम केवल वीआईपी क्षेत्र तक सीमित है वहां पहले भी कूड़ा उठ रहा था। अब किन वार्डो से कलेक्शन किया जाएगा। यह साफ नही किया गया है।

डॉ। नफीस

Posted By: Inextlive