देहरादून: थाना विकासनगर इलाके में पपडि़यान के पास एक डंपर ने बाइक सवार दंपति को कुचल दिया। हादसे में दोनों को गंभीर चोट आईं, उपचार के लिए अस्पताल ले जाते समय व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि महिला को जीवनगढ़ स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती किया गया है। हादसे के बाद चालक डंपर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है। फरार चालक की तलाश जारी है।

हादसे के बाद चालक फरार

जानकारी के अनुसार हरिराम साहनी (45) पुत्र चंद्र कुमार साहनी निवासी पहाड़ी गली विकासनगर शनिवार को अपनी बाइक से पत्नी मेनका साहनी के साथ किसी काम से पपडि़यान की तरफ गए थे। वापस लौटते समय बाइक पपडि़यान के पास डंपर की चपेट में आ गई। हादसे में दोनों को गंभीर चोट आई, हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। आसपास के लोगों ने आपातकालीन सेवा 108 के माध्यम से घायल दंपति को लाइन जीवनगढ़ के एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां हरिराम साहनी को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। जबकि मेनका साहनी का उपचार चल रहा है। मौके पर पहुंची डाकपत्थर चौकी पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। विकासनगर थाना प्रभारी महेश जोशी के अनुसार मामले की जांच की जा रही है। आरोपित डंपर चालक की तलाश की जा रही है।

Posted By: Inextlive