-गोपनीय सैन्य जानकारी हासिल करने वाली आइएसआइ एजेंट

- मेजर रैंक की अधिकारी बताई जा रही, जवान से लखनऊ में पूछताछ जारी

PATNA: फेसबुक पर फर्जी अकाउंट बना सेना के जवान को हनी ट्रैप में फंसाकर गोपनीय जानकारी हासिल करने वाली महिला झारखंड नहीं, पाकिस्तान की है। महिला दर्जनों फर्जी फेसबुक अकाउंट के जरिए सेना के जवानों से संपर्क कर मीठी-मीठी बातें कर गोपनीय जानकारी हासिल करती थी। गोपनीय सूचना लीक करने के आरोप में सेना के जवान सुरजीत सिंह के विरुद्ध कोर्ट ऑफ इंक्वायरी की कार्रवाई हो रही है।

झारखंड के नाम से फर्जी आईडी

सेना के सूत्रों की मानें तो जांच में पता चला है कि पाकिस्तान की रहने वाली महिला ने झारखंड के नाम से फेसबुक आइडी बना रखी थी। अलग-अलग फेसबुक आइडी पर अलग-अलग तस्वीरें लगा रखी थी। सबसे पहले जवानों से उनकी आइडी मांगती थी। फिर अन्य जानकारी लेने लगती थी। महिला पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आइएसआइ से जुड़ी है, मेजर रैंक की अधिकारी है। इसकी गहन जांच हो रही है। जांच में कई अहम जानकारी के मिलने की संभावना है।

बोलने से बच रहे हैं अधिकारी

आरोपित जवान सुरजीत सिंह सिख रेजीमेंट का है। सैनिक को सब-एरिया मुख्यालय से हटाने के बाद पूछताछ की जा रही है। विश्वस्त सूत्रों के अनुसार जवान को लखनऊ में रखकर पूछताछ की जा रही है। आर्मी इंटेलिजेंस ब्यूरो भी जांच में जुटी है। आरोप है कि फेसबुक पर महिला से जुड़कर उसने सेना के बारे में गोपनीय जानकारी दी है। मामले में सेना का कोई सक्षम पदाधिकारी कुछ बोलने से बच रहा है।

Posted By: Inextlive