एक्ट्रेस भूमि पेडनेकर की अपकमिंग मूवी 'दुर्गामती' का ट्रेलर आज रिलीज हो गया। यह फिल्म काफी डरावनी है। भूमि का यह अंदाज दर्शक पहली बार देखेंगे। फिल्म 11 दिसंबर को रिलीज हो रही है।

कानपुर (इंटरनेट डेस्क)। फिल्मों में अपने कैरेक्टर को लेकर एक्सपेरीमेंट करने वाली भूमि पेडनेकर इस बार अलग अंदाज में दर्शकों के सामने होंगी। भूमि की नई फिल्म 'दुर्गामती' का ट्रेलर बुधवार को रिलीज कर दिया गया। फिल्म में भूमि एक चंचल चौहान नाम की लड़की का किरदार निभा रही जिसके अंदर भूतनी प्रवेश कर जाती है। चंचल जेल में होती है और उसे दुर्गामती हवेली नामक एक विशाल हवेली में ले जाया जाता है। वहां कुछ अप्रत्याशित घटित होता है जिसके बाद दुर्गामती की आत्मा चंचल बनी भूमि के शरीर में आ जाती है।

अरशद वारसी का दबंग अंदाज
ट्रेलर देखने के बाद पता चलता है कि फिल्म में माही गिल एक जांच अधिकारी हैं और अरशद वारसी एक शक्तिशाली राजनेता हैं जिन्हें छुआ नहीं जा सकता। दुर्गामती नाम की एक रहस्यमयी महिला है जिसकी आत्मा चंचल के शरीर में प्रवेश करती है। और फिर शुरु होती है डर, रहस्य और रोमांच का खेल। फिल्म दुर्गामती तेलुगु हिट, भागमथि की रीमेक है, जिसमें अनुष्का शेट्टी ने अभिनय किया था। पहली बात जो आपको इसकी दुनिया में उलझा देती है वह है शानदार कैमरावर्क और कुछ डरावने दृश्य जो आपको सचमुच में डरा देंगे।

ऐन वक्त पर बदला फिल्म का नाम
दुर्गामती ने हाल ही में नाम बदला है पहले इस फिल्म का नाम दुर्गावती था, अब इसका नाम दुर्गामती द मिथ रखा गया है। नाम बदलने का कोई कारण नहीं बताया गया है। फिल्म में जिशु सेनगुप्ता और करण कपाड़िया भी प्रमुख भूमिकाओं में हैं, और अशोक द्वारा लिखित और निर्देशित है।
फिल्म 11 दिसंबर को अमेजन प्राइम वीडियो पर रिलीज होगी।

Posted By: Abhishek Kumar Tiwari