Salman Khan House Firing: 14 अप्रैल 2024 को सलमान खान के घर के बाहर गोलीबारी हुई। इन गोलियों के जरिए एक बार फिर से बदमाशों ने सलमान खान को धमकाने की कोशिश की है। बता दें कि सोमवार देर रात दोनों शूटरों को कच्छ के माता नो मढ़ गांव से गिरफ्तार कर लिया गया है...

कानपुर (इंटरनेट डेस्क)। Salman Khan Firing Case: बॉलीवुड के दबंग एक्टर सलमान खान को कई बार जान से मारने की धमकी दी जा चुकी है। उन्हें बार बार इस तरह की धमकियां मिलती रहती हैं, जिस वजह से वो हर पल कड़ी सुरक्षा के घेरे में रहते हैं। वहीं इन धमकियों के बीच अब रविवार यानी 14 अप्रैल 2024 को सलमान खान के घर के बाहर गोलीबारी हुई। इन गोलियों के जरिए एक बार फिर से बदमाशों ने सलमान खान को धमकाने की कोशिश की है। ये हादसा सलमान खान के मुंबई वाले घर गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर हुआ है। हालांकि, अब सोमवार देर रात दोनों शूटरों को कच्छ के माता नो मढ़ गांव से गिरफ्तार कर लिया गया है।

दोनों शूटर हुए गिरफ्तार
खबर है कि, सलमान खान के घर पर फायरिंग करने वाले दोनों आरोपियों को गुजरात के कच्छ से गिरफ्तार कर लिया है। पश्चिम कच्छ के डीआईजी महेंद्र बागबिया ने बताया कि, दोनों ही अपराधी बिहार के रहने वाले हैं। जिनमें से एक का नाम विक्की गुप्ता (24 वर्ष) और दूसरे का नाम सागर पाल (21 वर्ष) है। इन दोनों को सोमवार देर रात कच्छ के माता नो मढ़ गांव से गिरफ्तार किया गया है। डीआईजी ने आगे बताया कि, दोनों को मुंबई पुलिस के हवाले कर दिया गया है, क्‍योंकि इनकी शिकायत वहीं दर्ज है। जांच में पता चला कि दोनों ही शूटर विक्‍की और सागर को जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के गिरोह ने हायर किया था। उन्होनें ही दोनों को सलमान खान के घर पर गोलीबारी करने को कहा था।

क्या था पूरा मामला?
सामने आई सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि कैसे रविवार सुबह दो अनजान मोटरसाइकिल सवार लोगों ने गोलीबारी की। इस फुटेज के सामने आते ही हर कोई हैरान रह गया। बता दें कि, इस मामले को लेकर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने एक्टर सलमान खान से बात की है। वहीं, उन्हें पूरी सुरक्षा देने की बात कही है। इसके अलावा मुंबई पुलिस ने इन दो अजान गोली बाजों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और इस मामले में आगे की जांच शुरु कर दी है। वहीं घटना में इस्तेमाल हुई बाइक के ओनर को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने कहा कि मोटरसाइकिल को सलमान के घर से एक किलोमीटर की दूरी पर मुंबई में माउंट मैरी चर्च के पास छोड़ दिया गया था।

किसने ली इस हमले की जिम्मेदारी?
इस गोलीबारी की जिम्मेदारी जेल में बंद गैंगस्टर लारेंस बिश्नोई के गिरोह ने ली है। एक शूटर की पहचान गुरुग्राम निवासी विशाल उर्फ ​​राहुल के रूप में हुई है। घटना के कुछ घंटों बाद लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल बिश्नोई ने एक पोस्ट शेयर किया। जिस पर लिखी बातों के मुताबिक ये घटना सलमान खान के लिए पहली और आखिरी चेतावनी थी। बता दें कि, एक्टर सलमान खान अपने पिता सलीम खान और मां सलमा खान के साथ कई सालों से इस गैलेक्सी अपार्टमेंट में रहते हैं। हालांकि, इस मामले के बाद अब खबर है कि, सलमान खान अपने परिवार सहित ये घर बदलने वाले हैं।

Posted By: Anjali Yadav