BAREILLY:

बरेली को स्मार्ट सिटी बनाने की राह आसान नहीं दिख रही है। जिनके कंधों शहर को साफ-सुथरा बनाने रखने की जिम्मेदारी है, वही नगर निगम कूड़ा फैलाने का प्रमुख कारण बन रहा है। नगर निगम के पास दर्जनों नए कूड़ेदान पड़े हैं, लेकिन प्रमुख चौराहों, मार्केट या फिर पब्लिक प्लेस पर होने की बजाय स्टोर में पड़े हैं।

बाहर ही फेक रहे रैपर

डूडा के बगल में नगर निगम के स्टोर और बाहर रोड पर करीब 3 दर्जन नए कूड़ेदान रखे हैं, जो कि काफी बड़े साइज हैं। महीनों से पड़े इन कूड़ेदान को नगर निगम के जिम्मेदार अधिकारी उसे संबंधित जगहों पर अभी तक नहीं रखवा सके हैं। जबकि, शहर के प्रमुख स्थानों पर कूड़ेदान नहीं होने से गंदगी बिखरी पड़ी है। कोई व्यवस्था नहीं होने से पब्लिक भी खाने-पीने के रैपर, कागज के प्लेट और दोने रोड पर ही फेंक देती है।

नए रखे नहीं पुराने गल चुके

नगर निगम ने नए कूड़ेदान को वहां नहीं रखवाया है जहां उनकी जरूरत है जबकि शहर में पहले से रखे ज्यादातर कूड़ादान गल चुके हैं। मेयर बनने के बाद डॉ। उमेश गौतम ने प्लास्टिक के जो कूड़ेदान लगवाए थे वह भी कुछ ही दिनों में टूट गए। या कूड़ेदान में ही जलती हुई बीड़ी, सिगरेट या कोयले की राख फेंकने से जल कर खत्म हो गए। प्लास्टिक के ये कूड़ादान एक महीने तक भी नहीं चले। लिहाजा, अब नगर निगम बड़े साइज के लोहे का कूड़ेदान बनवा रहा है।

बीमारी फैलने का खतरा

सड़क पर ही गंदगी पड़ी होने से बीमारी का खतरा भी बढ़ गया है। क्योंकि, जैसे ही बारिश होगी बैक्टीरिया तेजी से पनपेंगे, जो कि पेट की तमाम बीमारियों को जन्म देने का काम करेंगे। क्योंकि, बारिश में कूड़ा-करकट खुले में पड़े होने से मच्छर, तमाम कीड़े-मकोड़े जन्म लेते हैं।

यहां रखे जाने हैं कूड़ादान

अक्षर विहार, रोहिला होटल के सामने, अवंतीबाई कॉलेज गेट, बीसीबी पूर्वी गेट, नेहरू युवा केंद्र, बलवंत सिंह मार्ग, बटलर प्लाजा, कुतुबखाना आदि जगहों पर नए कूड़ेदानों को रखा जाना है।

फैक्ट्स एंड फिगर

- 1600 सफाई कर्मचारी।

- 46 डम्पिंग घर।

- 250 जगहों पर कूड़ेदान।

- 400 मीट्रिक टन कूड़ा रोज निकलता है।

- 60 लाख मीट्रिक टन कूड़ा बाकरगंज में इकट्ठा हो गया है।

साफ-सफाई पर पूरा ध्यान दिया जा रहा है। नए कूड़ेदान को जल्द ही संबंधित जगहों पर रखने का काम किया जाएगा। लोगों से भी अपील है कि वह शहर को स्वच्छ बनाने में मदद करें।

डॉ। अशोक कुमार, स्वास्थ्य अधिकारी, नगर निगम

Posted By: Inextlive