बोले सूबे के नए DY CM, PWD में गुंडे-माफिया नहीं करेंगे ठेकेदारी

केशव मौर्या बोले, इलाहाबाद में स्वीकृत ROB का शुरू होगा काम

ALLAHABAD: प्रतापगढ़ में आंवले की खेती बड़े पैमाने पर होती है तो इलाहाबाद और कौशांबी में अमरूद और केले की। इसे पहचान के साथ व्यवसाय को बड़ा स्वरूप देने की पहल शुरू हो चुकी है। प्रदेश के डिप्टी सीएम भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्या ने कहा कि इलाहाबाद में मेगा फूड पार्क बनाना उनकी प्राथमिकता में है और इसकी फाइल वह अपने स्तर से आगे बढ़ा चुके हैं। इसका खाका खींचने की जिम्मेदारी अफसरों को दी जा चुकी है। प्रेस क्लब में मीडिया के लोगों से रूबरू हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि वे प्रदेश के उप मुख्यमंत्री भले ही बन गए हैं, लेकिन इलाहाबादियों के लिए हमेशा वही केशव प्रसाद मौर्या रहेंगे। उन्होंने कहा कि अब इलाहाबाद से कोई भी ऑफिस लखनऊ शिफ्ट नहीं होगा।

इलाहाबादियों को नमन है

प्रेस क्लब पहुंचे प्रदेश के उप मुख्यमंत्री का पे्रस क्लब के पदाधिकारियों व सदस्यों ने स्वागत किया। स्वागत के बाद उप मुख्यमंत्री ने विधानसभा चुनाव में मिली जीत के लिए शीश झुका कर इलाहाबादियों का नमन किया। भाजपा को पूर्ण बहुमत दिलाने के लिए सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। कहा कि अब लखनऊ की बात दिल्ली तक पहुंचने में कोई अड़चन नहीं आएगी। इलाहाबाद के पत्रकारों से खुद को जोड़ते हुए उन्होंने कहा कि इलाहाबाद और इलाहाबादियों के लिए हमेशा वही केशव रहूंगा। पत्रकारों की समस्या पार्टी की और अपनी समस्या मानता हूं। अब किसी भी पत्रकार का उत्पीड़न नहीं होगा। इसके लिए अधिकारियों को आदेशित किया जा चुका है। इस दौरान पत्रकारों ने उप मुख्यमंत्री को उनके उस वादे की याद दिलाई, जो उन्होंने सांसद रहने के दौरान पत्रकारों से किया था। उन्होंने इलाहाबाद के पत्रकारों के लिए आवास की व्यवस्था का आश्वासन दिया था। जिस पर उन्होंने कहा कि वे किसी भी वादे को भूले नहीं हैं।

खत्म होगा भर्तियों में भ्रष्टाचार

उन्होंने कहा कि पिछली सरकार में भर्तियों के नाम पर भ्रष्टाचार चल रहा था। अब भर्ती में भ्रष्टाचार पूरी तरह से खत्म होगा। गरीब का हक गरीब तक पहुंचेगा। अभी तक केवल सड़कों को बनाने का ढिंढोरा पीटा जाता था, लेकिन सड़कें जस की तस रहती थीं। अब ऐसा नहीं होगा। 15 जून तक प्रदेश की सभी सड़कों को गढ्डा मुक्त बनाने का टार्गेट संबंधित अधिकारियों व विभागों को दे दिया गया है। जिस पर काम शुरू भी हो गया है। केशव मौर्य ने कहा कि मुझे अन्य विभागों के साथ ही पीडब्ल्यूडी की भी जिम्मेदारी मिली है। जहां पिछले कुछ वर्षो से पीडब्ल्यूडी और भ्रष्टाचार एक दूसरे के पर्याय बन चुके हैं। अब गुंडे माफिया ठेकेदार के रूप में नहीं दिखेंगे। यही नहीं पुराने मामलों और घोटालों में जांच का आदेश दे दिया गया है।

अक्टूबर 2018 तक पूरा होगा अर्धकुंभ प्रोजेक्ट

डिप्टी सीएम ने कहा कि जनवरी 2019 में अर्धकुंभ शुरू होगा। इसलिए अक्टूबर 2018 तक अर्धकुंभ प्रोजेक्ट पूरा कराया जाएगा। जिसके तहत कनेक्टिविटी के साथ ही कई काम कराए जाएंगे। केंद्रीय भूतल परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने इलाहाबाद में आउटर और ईनर रिंग रोड की जो घोषणा की थी, उसे अब शुरू कराया जाएगा। उप मुख्यमंत्री ने बताया कि जल्द ही भू माफियाओं के खिलाफ बड़ा अभियान शुरू होने जा रहा है। जिन भू माफियाओं ने पब्लिक की और सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर रखा है, उन्हें छोड़ा नहीं जाएगा। जमीनों को कब्जा मुक्त बनाया जाएगा।

Posted By: Inextlive