शहर की सफाई व्यवस्था चरमराई हुई है। कूड़ा निस्तारण की कहीं कोई व्यवस्था नहीं है। आज हम स्मार्ट सिटी का दावा कर रहे हैं, लेकिन सड़क का गोबर उठाने के लिए हमारे पास पर्याप्त संसाधन मौजूद नहीं हैं। निगम की गाडि़या शहर का कूड़ा शहर में फैला जाती हैं। दैनिक जागरण आईनेक्स्ट का कैंपेन 'नायसिल प्रजेंट्स गर्मी लगी क्या' शनिवार को साकेत पब्लिक स्कूल, ट्रांसपोर्ट नगर और शॉप्रिक्स मॉल में आयोजित किया गया। इस दौरान शहरवासियों ने अपनी बेबाक राय रखी।

-शहर में नगर निगम की लापरवाही बनी गंदगी का सबब

-दैनिक जागरण आई नेक्स्ट के कैम्पेन 'नायसिल प्रजेंट्स गर्मी लगी क्या' में शहरवासियों रखे विचार

Meerut । शहर इन दिनों स्मार्ट सिटी की ओर बढ़ रहा है उसके लिए कई तैयारियां भी चल रही हैं। बावजूद इसके, शहर में गारबेज सिस्टम की समस्या सुधरने का नाम नहीं ले रही है। कार्यक्रम में शहरवासियों ने शहर की सफाई व्यवस्था पर खुलकर चर्चा की। रितु बुद्धिराजा ने कहा कि शहर के मोहल्लों और कॉलोनियों में तैनात सफाई कर्मचारी ड्यूटी के समय आराम करते हैं। उनका अपने काम में कोई इंट्रस्ट नहीं होता। ज्योति निगम ने कहा कि नालों की गंदगी निकालकर सड़कों पर डाल दी जाती है, जो जाम का कारण तो बनती ही है। इसके साथ ही जूते और चप्पलों के माध्यम से यह गंदगी घरों के अंदर तक प्रवेश कर जाती है।

ट्रांसपोर्ट नगर बना नरक

मेरठ ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के महामंत्री राज शर्मा ने कहा कि गंदगी टीपीनगर के लिए अभिशाप बन गई है। बरसों पहले नगर निगम जो नाला पानी की निकासी के लिए बनाया था, वो आज यहां के लिए आफत बना है। कुछ लोगों ने नाले को पाटकर अवैध कब्जा कर लिया है। ऐसे में यहां पानी की निकासी बंद हो गई है। पिछले 15 सालों से कोई सफाई कर्मचारी यहां भटका तक नहीं। दीपक गांधी ने कहा कि अधिकांश ट्रांसपोटर्स सरस्वती लोक में रहते हैं, जहां निगम ने अवैध रूप से डंपिंग ग्राउंड बना दिया है। ऐसे में दुर्गध और मच्छरों के कारण रहना मुहाल हो गया है।

कॉलोनियों में कूड़ा डालने की जगह

दीपक चौधरी ने कहा कि शहर में कूड़ा निस्तारण का कोई इंतजाम नहीं है। निगम गावड़ी स्थित डंपिंग ग्राउंड में सालों से प्लांट लगाने की बात कर रहा है, लेकिन यह प्रस्ताव सरकारी फाइलों से बार नहीं निकल सका।

ये आए सुझाव

-पशु डेयरियों को शहर से बाहर शिफ्ट किया जाए।

-कूड़े की गाडि़यों को कवर करके ही डंपिंग ग्राउंड ले जाया जाए।

-शहर में सफाई कर्मचारियों को ड्यूटी पुख्ता की जाएगी।

-सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट पर गंभीरता से विचार किया जाए।

-शहर में डस्टबिन का प्रॉपर इस्तेमाल किया जाए।

-सफाई कर्मचारियों की सुबह-शाम दो शिफ्टों में ड्यूटी लगाई जाए।

वर्जन

ट्रांसपोर्ट नगर उपेक्षित क्षेत्र है। इस क्षेत्र के लिए नगर निगम की ओर से सफाई व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए जाने चाहिए।

-गौरव शर्मा

अधिकांश नाले चोक हो गए हैं। सबसे पहले नालों से अतिक्रमण को हटाना होगा। नालों की सिल्ट तुरंत उठवाई जाए।

-राज शर्मा

एमडीए की ओर से कॉलोनियों में कूड़ा घर की उपयुक्त व्यवस्था की जाए। कूड़ा घर न होने से लोग खाली पड़े प्लॉट्स में कूड़ा डालने को मजबूर होते हैं।

-रेनू सोनी

सफाई कर्मचारियों की सुबह शाम दो शिफ्टों में ड्यूटी लगाई जाए। सुबह काम पर निकलने वाली महिलाओं के सामने कूड़ा फेंकने की समस्या खड़ी जाती है।

-हरविंदर कौर

स्मार्ट सिटी बनने से पहले हमें खुद स्मार्ट बनना होगा। सरकारी संस्थानों पर दोष लगाने से पूर्व हमें भी सफाई व्यवस्था के लिए जागरुक होना होगा।

-दीपक चौधरी

- अधिकारी वर्जन

शहर में नियमित रूप से कूड़ा उठाया जा रहा है। कूड़े को गावड़ी स्थित प्लांट में निस्तारित किया जा रहा है। कहीं पर अगर गंदगी है तो निगम में शिकायत करें समस्या का तुरंत निस्तारण किया जाएगा।

डॉ। कुंवर सेन, नगर स्वास्थ्य अधिकारी

Posted By: Inextlive