- ईद की नमाज के लिए ईदगाह और मज्जिदों में तैयारियां पूरी, मुस्लिम समुदाय के लोगों में खासा उत्साह

- संडे को बाजारों में दिखी चहल-पहल, देर रात तक हुई बकरों की खरीदारी

DEHRADUN: ईद-उल-अजहा (बकरीद) का पर्व आज हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। ईद की नमाज के लिए ईदगाह और मज्जिदों में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पुलिस प्रशासन द्वारा भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। इधर, संडे को ईद को लेकर बाजार गुलजार रहे। सुबह से ही बाजारों में चहल-पहल दिखाई दी। ईद के लिए बड़ी संख्या में लोगों ने बकरों की खरीदारी की। मुस्लिम समुदाय के लोगों में ईद को लेकर खासा उत्साह देखा गया।

देर रात तक बकरों की हुई खरीदारी

ईद-उल-अजहा (बकरीद) आज है। दून में ईदगाह सहित शहर की विभिन्न मस्जिदों में सुबह नमाज अदा की जाएगी। इसके बाद बकरों की कुर्बानी दी जाएगी। दून में ईद को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। ईदगाह सहित मुख्य मस्जिदों के बाहर पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। ईद की पूर्व संध्या पर पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर सघन चेकिंग भी की। वहीं कुर्बानी के लिए बकरों की खरीदारी का दौर भी देर रात तक जारी रहा। इस्लाम धर्म के पैगंबर इब्राहिम की सुन्नत के तौर पर ईद-उल-अजहा का पर्व मनाया जाता है। इसी दौरान दुनिया भर के देशों से मुस्लिम समुदाय के लाखों लोग सऊदी अरब के पवित्र मक्का और मदीना में हज करते हैं। पर्व की तैयारियां अमूमन ईद उल फितर के कुछ दिन बाद ही शुरू हो जाती हैं। कुर्बानी के लिए बकरे की खरीदारी करीब एक महीने से जोर-शोर से चल रही थी। दून में आईएसबीटी के पास और इनामुल्ला बिल्डिंग में बकरों की मंडी बीते कई हफ्तों से सज रही है। संडे देर रात तक लोग बकरों की खरीदारी करते रहे। एसएसपी अरुण मोहन जोशी ने सभी से मिलजुल कर अमन व भाईचारे के साथ ईद का पर्व मनाने व एक दूसरे की भावनाओं का ख्याल रखने की अपील की है। उन्होंने बताया कि ईद के मद्देनजर सुरक्षा व कानून व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

सीएम ने दी बकरीद की बधाई

सीएम त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने ईद-उल-अजहा पर मुस्लिम समुदाय को शुभकामनाएं दी हैं। अपने संदेश में सीएम ने कहा कि यह पर्व हमारी संस्कृति को और अधिक समृद्ध करने के साथ ही एकता व अखंडता को मजबूत करेगा। उन्होंने भाईचारे एवं सौहार्द के साथ पर्व को आपसी सद्भाव के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि त्याग, बलिदान व समर्पण का यह पर्व प्रदेशवासियों के जीवन में खुशहाली और सुख समृद्धि लाएगा।

Posted By: Inextlive