जमशेदपुर : पर्यावरण संरक्षण व आम जनता की सेहत के मद्देनजर जमशेदपुर में बड़े पैमाने पर पब्लिक साइकिल शेय¨रग सिस्टम (साइकिल स्टेशन ) की स्थापना की जाएगी। इस संबंध में जानकारी देते हुए मानगो नगर निगम के कार्यपालक पदाधिकारी दीपक सहाय ने बताया कि सरकार ने रांची के बाद अब जमशेदपुर व धनबाद में साइकिल स्टेशन खोलने जा रही है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में गुरुवार को रांची में धनबाद व जमशेदपुर नगर निकाय के पदाधिकारियों संग बैठक के बाद निर्णय लिया गया। दीपक सहाय ने बताया कि मानगो से सिटी मैनेजर अनामिका निशा बागे को बैठक में विशेष रूप से रांची भेजा गया था। रांची से लौटकर उन्होंने मानगो नगर निगम के विशेष पदाधिकारी दीपक सहाय को बैठक की जानकारी दी। दीपक सहाय ने बताया कि मानगो में संभावित आठ स्थानों पर साइकिल स्टेशन खोले जाएंगे। इसके अलावा जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति तथा आदित्यपुर नगर निगम में भी साइकिल स्टेशन खोले जाने हैं। दीपक सहाय ने बताया कि अक्टूबर 2019 तक सरकार को रिपोर्ट कर देना है।

साल भर की मेंबरशिप

मानगो नगर निगम के कार्यपालक पदाधिकारी दीपक सहाय ने बताया कि साइकिल वैसे लोगों को दी जाएगी, जो मानगो नगर निगम द्वारा जारी किए जाने वाले एप के माध्यम से सदस्य बनेंगे। सालाना सदस्य बनने के उपभोक्ताओं को कुछ राशि देनी होगी। साइकिल चलाते हुए उपभोक्ता किसी भी स्टेशन में जाकर साइकिल को रख सकते हैं। उन्होंने बताया कि विशेष प्रकार की साइकिल जीपीएस सिस्टम से लैस रहेगी ताकि कोई चोरी करने की कोशिश भी करे तो वह आसानी से पकड़ में आ सके।

साइक्लिंग से सेहत को कई लाभ

नियमित साइकिल चलाने से स्वास्थ्य व सेहत में काफी लाभ मिलता है। साइकिलिंग से दिल, रक्तवाहिकाओं और फेफड़ों की कसरत होता है। साइकिल चलाने की छोटी सी कोशिश व्यायाम जैसा ही फायदा पहुंचाता है। साइकिल चलाने से मोटापा घटता है, फिट बॉडी के लिए साइकिल चलाना अति आवश्यक है। दिल को सेहतमंद और सुरक्षित रखने में सहायक, मांसपेशियों को मजबूत करने के लिए, इम्यून सिस्टम को बेहतर बनाने में मददगार, तनाव से राहत दिलाने में मददगार साबित हो सकेगा।

Posted By: Inextlive