.जिले में मिले आठ पेशेंट में छह प्रवासी

.नई पोखरी व पाराडीह बने नये हॉटस्पॉट

.सात पेशेंट हॉस्पिटल से हुए डिस्चार्ज

एक दिन पहले राहत भरी खबर आने के बाद दूसरे दिन बुधवार को फिर पॉजिटिव पेशेंट मिलने से मायूसी हुई। बीएचयू लैब से 10 पॉजिटिव रिपोर्ट प्राप्त हुए। इसमें आठ बनारस व दो अन्य जिले के संक्रमित मरीज से संबंधित रही। वाराणसी में मिले आठ पेशेंट में छह प्रवासी हैं, जबकि एक पुलिसकर्मी और दूसरा कंपाउंडर है। डीएम कौशलराज शर्मा ने बताया कि 121 सैंपल के परिणाम प्राप्त हुए। इसमें से 111 परिणाम नेगेटिव आए और 10 पॉजिटिव रहे। पॉजिटिव आए परिणामों में दो जौनपुर और आठ बनारस के हैं।

एक साल के बच्चे की मां पॉजिटिव

जिले के छह प्रवासी नागरिकों में 25 वर्षीय एक महिला ग्राम सिसवा कपसेठी की निवासिनी है। यह पेशेंट सिसवा हॉटस्पॉट से पूर्व में पॉजिटिव हुए एक वर्षीय बच्चे की मां है। ट्रक से मुंबई से वाराणसी आई थी। 36 वर्षीय दूसरा प्रवासी मरीज ग्राम रतनपुर फूलपुर का रहने वाला है। वह मुंबई से ट्रक द्वारा वाराणसी आया था। मुंबई में यह कपड़ा मिल में काम करता था। 30 वर्षीय तीसरा प्रवासी मरीज ग्राम रतनपुर फूलपुर का निवासी है। यह भी मुंबई से ट्रक द्वारा पूर्व में रतनपुर हॉटस्पॉट में कोरोना पॉजिटिव आए मरीज के साथ आया था। मुंबई में यह ऑटो चलाता है। 58 वर्षीय चौथा मरीज ग्राम माधोपुर बड़ागांव का रहने वाला है। भिवंडी से ट्रक द्वारा वाराणसी आया। भिवंडी में एक पावरलूम में काम करता था। 26 वर्षीय पांचवा मरीज हरतीरथ कोतवाली का रहने वाला है। मुंबई से यह ट्रेन द्वारा वाराणसी वापस आया था। मुंबई में इसकी अपनी पान की दुकान है। 50 वर्षीय छठा प्रवासी मरीज ग्राम पाराडीह चोलापुर का निवासी है। वह मुंबई से कार द्वारा वाराणसी आया। मुंबई में यह कपड़ा सिलाई का काम करता था।

कांटेक्ट में आने पर हुए संक्रमित

34 वर्षीय सातवां मरीज पुलिस कांस्टेबल है जो कि पुलिस लाइन में तैनात है। सीओ सदर के हमराही के सैंपल का परिणाम पॉजिटिव आने पर कांटेक्ट ट्रेसिंग के तहत इसको क्वारंटाइन किया गया था। 25 वर्षीय आठवां मरीज नई पोखरी रामाकांत नगर सिगरा का निवासी है। यह कंपाउंडर है। पूर्व में कोरोना पॉजिटिव हुए गुड़-चीनी व्यापारी की कॉन्टेक्ट ट्रेसिंग से संबंधित है। व्यापारी के घर इंजेक्शन लगाने जाता था।

कांस्टेबल सहित सात हुए डिस्चार्ज

पंडित दीनदयाल उपाध्याय हॉस्पिटल में एडमिट पांच एवं बीएचयू सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में भर्ती दो कोरोना पॉजिटिव मरीजों के फॉलोअप सैंपल का परिणाम नेगेटिव आने के कारण उन्हें स्वस्थ घोषित कर डिस्चार्ज किया गया। डिस्चार्ज हुए मरीजों में एक एडी ऑफिस का चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी है। वहीं एक चुप्पेपुर हॉटस्पॉट से संबंधित पुलिसकर्मी है। एक नरिया हॉटस्पॉट में पॉजिटिव आए पेशेंट की किराएदार है। चार प्रवासी नागरिक हैं जिनका संबंध हरदासीपुर, छितौना, उमरहा बराई हॉटस्पॉट से है। अब कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 160 हो गई है। इसमें से 90 पेशेंट स्वस्थ हो चुके हैं जबकि एक्टिव मरीजों की संख्या 66 है।

दो नये बने हॉटस्पॉट

दो पेशेंट के एरिया को हॉटस्पॉट बना दिया गया। इनमें नई पोखरी थाना सिगरा एवं पाराडीह थाना चोलापुर नए हॉटस्पॉट बने हैं। जबकि हरतीरथ हॉटस्पॉट ग्रीन जोन से पुन: रेड जोन में आ गया है। इनको मिलाकर जिले में हॉटस्पॉट की संख्या 80 हो गई है। जिसमें से लल्लापुरा एवं मदनपुरा को मिलाते हुए कुल 23 हॉटस्पॉट ग्रीन जोन में आ चुके हैं। हॉटस्पॉट की संख्या 57 है जिसमें से नौ ऑरेंज ओन में एवं 48 रेड जोन में हैं। जिले में अब तक 5156 सैंपल लिए जा चुके हैं जिसमें से 4734 का परिणाम प्राप्त हो चुका है, 422 सैंपल का परिणाम आना अभी बाकि है।

Posted By: Inextlive