रांची: दहशत के वो आठ घंटे। जी हां, राजधानी से सटे खूंटी जिले के रंगरोड़ी में टुसु मेला देखकर खुशी-खुशी घर लौट रहीं छह नाबालिग लड़कियों के लिए बुधवार की शाम सात से सुबह तीन बजे तक एक-एक पल बेहद भयावह रहा। पांच लड़कों द्वारा जबरन बाइक पर बैठाकर सुनसान जगह ले जाना और छेड़छाड़ करना। फिर दो लड़कियों का तीन घंटे की भारी मशक्कत के बाद वहां से भाग निकलना और बाकी चार का अहले सुबह तक दरिंदों से छिपे रहकर अपनी अस्मत बचाने की दास्तान दिल को दहला देने वाली है। दरिंदों के चंगुल से छुटकर दोनों लड़कियां जब रात 10 बजे अपने मोहल्ले पहुंची और घटना की जानकारी दीं तो 20-25 स्थानीय लोग उसी अंधेरी रात हातूदामी पहुंचे और घंटों खोजबीन करने के बाद सुबह तीन बजे वहीं के एक घर से बाकी चारों लड़कियों को बरामद कर लिया। इसके बाद पुलिस जागी और आरोपी सभी लड़कों को हातूदामी से ही दबोच लिया। इनमें एक नाबालिग भी है।

पुलिस दिनभर रही हलकान

इधर, रेप की सूचना पर खूंटी पुलिस दिनभर हलकान रही। इस बीच सभी विक्टिम लड़कियों को खूंटी थाना में चाइल्ड वेलफेयर कमिटी(सीडब्ल्यूसी) के समक्ष पेश किया गया। महिला थाना प्रभारी ने सभी विक्टिम्स से पूछताछ करने के बाद उनकी मेडिकल जांच कराई। इसके लिए मेडिकल बोर्ड का गठन किया गया है। घटना की सूचना मिलते ही राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कल्याणी शरण भी खूंटी थाना पहुंचीं। वहां उन्होंने विक्टिम्स से बातचीत की।

क्या कहती है पुलिस

एसपी आशुतोष शेखर ने बताया कि किसी भी लड़की से रेप की घटना नहीं हुई है। सभी विक्टिम्स ने अपने बयान में बताया है कि उनके साथ छेड़खानी हुई है। एसपी ने बताया कि घटना में संलिप्त खूंटी थानांतर्गत हातुदामी निवासी पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इनमें राजेश सांगा, प्रवीण नाग, अविनाथ सैमुर्गा और सागर आइंद को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जाएगा। वहीं, इनके साथ पकड़े गए एक नाबालिग को बाल सुधार गृह भेजा जाएगा। एसपी ने बताया कि सभी आरोपियों के विरुद्ध खूंटी थाना में छेड़छाड़, अपहरण व पॉक्सो एक्ट की धाराओं के अंगतर्गत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि एफएसएल व सीआइडी की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण की है। खुद एसपी भी मौके पर पहुंचे।

Posted By: Inextlive