चुनावी खर्च का रजिस्टर पेश नही करने पर 78 प्रत्याशियों पर हुई कार्रवाई

शुक्रवार से शुरू होगा दूसरा फेज, मैदान में हैं 181 धुरंधर

ALLAHABAD: चुनावी खर्च को लेकर निर्वाचन आयोग और प्रत्याशियों के बीच लुका-छिपी का खेल शुरू हो चुका है। तू डाल डाल-मैं पात पात की तर्ज पर आयोग ने खर्च जाहिर नही करने वाले प्रत्याशियों के खिलाफ कार्रवाई भी शुरू कर दी है। विधानसभा चुनाव के दौरान प्रत्याशियों को तीन फेज में अपना खर्च प्रस्तुत करना है। पहले फेज में ही व्यय रजिस्टर नही दिखाने वाले 78 प्रत्याशियों को निर्वाचन व्यय अधिकारी ने नोटिस थमा दी है। गुरुवार को प्रथम फेज की प्रक्रिया समाप्त होने के बाद शुक्रवार से दूसरा चरण शुरू हो जाएगा।

शहर उत्तरी में सर्वाधिक खिलाड़ी प्रत्याशी

14 और 15 फरवरी को छह-छह विधानसभाओं के प्रत्याशियों का चुनावी खर्च रजिस्टर सहायक व्यय प्रेक्षकों ने जांचा था। इस प्रक्रिया में जिले की बारह विधानसभाओं से कुल 78 प्रत्याशियों ने अपना खर्च रजिस्टर पेश नही किया। आयोग के निर्देश पर इनको गुरुवार को तत्काल नोटिस थमा दिया गया। यह भी दिलचस्प रहा कि 78 में से सर्वाधिक 13 प्रत्याशी शहर उत्तरी विधानसभा के थे। जो चुनाव लड़ रहे कुल प्रत्याशियों का पचास फीसदी रहे। दूसरे नंबर पर फूलपुर से चुनाव लड़ रहे 14 प्रत्याशियों में से दस ने अपना खर्च दिखाने में कंजूसी की। इनको भी नोटिस दे दिया गया। तीसरे नंबर पर सोरांव विधानसभा से नौ प्रत्याशी भी रजिस्टर लेकर नही पहुंचे।

दरों से कोई समझौता नही

इतना ही नही, जिन प्रत्याशियों ने चुनावी खर्च पेश किया, उन्होंने आयोग की निर्धारित दरों से काफी कम में अपना बिल बताया। हालात यह रहे कि रजिस्टर में खानपान से लेकर वाहनों का किराया मार्केट रेट से काफी कम प्रदर्शित किया गया। हालांकि, अधिकारियों का कहना था कि रेट कोई भी प्रदर्शित किया जाए। आयोग की दरों के हिसाब से ही खर्च जोड़ा जाएगा। इसमें किसी प्रकार की कोताही नही बरती जाएगी। बता दें कि शुक्रवार और शनिवार को दोबारा रजिस्टर देखे जाएंगे। शुक्रवार को फाफामऊ, फूलपुर, मेजा, सोरांव, कोरांव और शहर उत्तरी और शनिवार को हंडिया, बारा, प्रतापपुर, शहर पश्चिमी, शहर दक्षिणी और करछना विधानसभा के प्रत्याशियों को रजिस्टर का हिसाब-किताब जांचा-परखा जाएगा।

चुनावी खर्च रजिस्टर न दिखाने वाले प्रत्याशियों को दो दिन के भीतर नोटिस जारी होना था, जो गुरुवार को जारी कर दिया गया। सभी प्रत्याशियों को अपना व्यय रजिस्टर पेश करना होगा। ऐसा नही करने पर उनकी दावेदारी भी निरस्त हो सकती है।

अवनीश चंद्र द्विवेदी, मुख्य कोषाधिकारी व प्रभारी अधिकारी व्यय अनुवीक्षण

किस विधानसभा में कितने नोटिस

विधानसभा नोटिस संख्या

शहर उत्तरी 13

फूलपुर 10

सोरांव 09

कोरांव 08

फाफामऊ 07

बारा 07

शहर पश्चिमी 06

करछना 05

मेजा 04

प्रतापपुर 03

हंडिया 03

शहर दक्षिणी 03

---- ---

कुल 78

Posted By: Inextlive