कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने किसानों के मुद्दे पर यूपी सरकार को घेरा है। उन्होंने कहा कि धान किसान काफी परेशान हैं। ऐसे में यूपी सरकार को इसमें तुरंत हस्तक्षेप करना चाहिए और अन्यथा कांग्रेस सरकार एक आंदोलन शुरू करेगी।


नई दिल्ली (पीटीआई)। कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश सरकार से राज्य में किसानों की धान की फसल के लिए उचित खरीद मूल्य सुनिश्चित करने के लिए कहा है। उन्होंने कहा कि अगर सरकार नहीं ध्यान देती है तो उनकी पार्टी आंदोलन शुरू करेगी। कांग्रेस नेता ने ट्वीट कर कहा कि उत्तर प्रदेश के धान किसान बेहद परेशान हैं। धान की खरीद बहुत कम हो रही है। जो थोड़ी सी खरीद हो रही है उसमें रु 1200 से भी कम रेट मिल रहा है। यही धान कांग्रेस सरकार में रु 3,500 तक बिका था। नमी के नाम पर किसानों का शोषण हो रहा है। शायद पहली बार ऐसा है कि धान गेंहू से सस्ता बिक रहा है।उत्तर प्रदेश सरकार तुरंत इसमें हस्तक्षेप करे
प्रियंका ने यह भी कहा कि ऐसे में तो किसान की लागत भी नहीं निकलेगी। किसान अगली फसल कैसे लगाएगा? बिजली बिल में लूट चल ही रही है। मजबूरन किसान कर्ज के जाल में फंसता जाएगा। उत्तर प्रदेश सरकार तुरंत इसमें हस्तक्षेप करे। वरना किसान को सही दाम दिलाने के लिए कांग्रेस पार्टी आंदोलन करेगी। कांग्रेस समेत कई अन्य विपक्षी दल और कई किसान संगठन भी हाल ही में संसद द्वारा पारित कृषि विधेयकों का विरोध करते हुए दावा कर रहे हैं कि ये किसानों के हितों को नुकसान पहुंचाएंगे और कॉरपोरेट्स को फायदा पहुंचाएंगे। वहीं केंद्र ने दावा किया है कि ये नए कानून किसानों के लिए फायदेमंद होंगे और उनकी आय में वृद्धि करेंगे।

Posted By: Shweta Mishra