शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांक शुक्रवार को तकरीबन 2 प्रतिशत फिसल कर बंद हुए। कुछ देशों में कोविड-19 के मामलों में बढ़ोतरी तथा कमजोर एशियाई रुख की वजह से शेयर बाजार में गिरावट रही।


मुंबई (पीटीआई)। 30 शेयरों वाले बीएसई सेंसेक्स लगातार चौथे दिन 980.93 अंक या 1.61 प्रतिशत गिरावट के साथ 59,845.29 अंक के स्तर पर आ गया। कारोबार के दौरान सेंसेक्स 1,060.66 अंक या 1.74 प्रतिशत तक फिसल कर 59,765.56 अंक के निचले स्तर को छू गया था। इसी तरह एनएसई निफ्टी भी 320.55 अंक या 1.77 प्रतिशत गिरावट के साथ 17,806.80 अंक के स्तर पर आकर बंद हुआ।टाटा स्टील का शेयर सेंसेक्स पैक में टाॅप लूजर


सेंसेक्स पैक में शामिल टाटा स्टील का शेयर तकरीबन 5 प्रतिशत तक टूट कर बंद हुआ। इसके बाद टाटा मोटर्स, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, बजाज फिनसर्व, रिलायंस इंडस्ट्रीज, विप्रो, इंडसइंड बैंक, लार्सन एंड टूब्रो और मारुति सुजुकी के शेयर बड़ी गिरावट के साथ बंद हुए। एशियाई में सियोल, टोक्यो, शंघाई और हांगकांग के शेयर बाजार लाल निशान के साथ बंद हुए। यूरोपीय शेयर बाजारों में मिड सेशन सौदे बढ़त के साथ किए गए। बृहस्पतिवार को अमेरिकी शेयर बाजार बड़ी गिरावट के साथ बंद हुए थे।कच्चे तेल का सौदा 82.51 डाॅलर प्रति बैरल

अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चा तेल ब्रेंट क्रूड का सौदा 1.89 प्रतिशत तेजी के साथ 82.51 डाॅलर प्रति बैरल के भाव पर किया गया। एक्सचेंज के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बृहस्पतिवार को 928.63 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। रेलीगेयर ब्रोकिंग लिमिटेड में टेक्निकल रिसर्च वाइज प्रेसिडेंट अजित मिश्र ने कहा कि बाजार में करेक्शन चल रहा है इसकी चलते शुक्रवार को इसमें तकरीबन 2 प्रतिश्ता की तेज गिरावट आई।

Posted By: Satyendra Kumar Singh