छ्वन्रूस्॥श्वष्ठक्कक्त्र : बाहरी युवकों का आतंक वर्कर्स कॉलेज में थमने का नाम नहीं ले रहा। शुक्रवार की सुबह 9:30 बजे के करीब क्लासरूम में अपनी सहेलियों के साथ बैठी एक इंटर कॉमर्स सेकेंड ईयर की छात्रा के साथ बाहरी युवक ने छेड़खानी की। इतना ही नहीं छेड़खानी का विरोध करने पर युवक ने युवती को जमकर पीटा। उसे जान से मारने की भी धमकी देने के बाद आरोपी फरार हो गया, इधर, घायल युवती का एमजीएम में प्राथमिक उपचार किया गया।

स्टूडेंट्स ने काटा बवाल

इस घटना की जानकारी कॉलेज छात्र संगठन और अन्य छाचा नेताओं को हुई तो उन्होंने जमकर विरोध किया। उन्होंने कालेज प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शिक्षकों को कॉलेज गेट के बाहर ही रोक दिया। आधा घंटा तक कॉलेज गेट के बाहर ही वे रुके रहे। पुलिस के पहुंचने के बाद वे लोग अंदर गए। इस दौरान किसी की भी गाड़ी को कॉलेज के अंदर प्रवेश नहीं करने दिया गया। इस घटना को लेकर वर्कर्स कॉलेज में जमकर हंगामा होता रहा।

सीसीटीवी से आरोपी की हुई पहचान

कॉलेज प्रबंधन की लगातार नाकामियों को लेकर स्टूडेंट्स करीब तीन घंटे तक हंगामा करते रहे। इसके बाद घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को खंगालना शुरू किया। इसके बाद आरोपित की पहचान की गई। आरोपित की गिरफ्तारी का आश्वासन देने के बाद मामला शांत हुआ। मालूम हो कि इस कॉलेज में बाहरी युवकों द्वारा लगातार छेड़खानी की घटना को अंजाम दिया जा रहा है। इसके रोकथाम के लिए कई बार छात्र संगठन पुलिस-प्रशासनिक पदाधिकारियों से गुहार लगा चुके हैं, लेकिन कोई बात नहीं बनी।

उच्चस्तरीय जांच की मांग

वर्कर्स कॉलेज छात्र संघ के अध्यक्ष ने कॉलेज में छात्रा के साथ हुई मारपीट की घटना की निंदा की है। इससे कॉलेज की बदनामी हई है। इस मामले की उच्चस्तरीय जांच की जानी चाहिए और बिना आइकार्ड के किसी को भी कॉलेज के अंदर न घुसने दिया जाए।

आरोपी की पहचान करने वाले को भी धमकी

आरोपित की पहचान कराने में अहम भूमिका निभाने वाले छात्र आजसू के कोल्हान विवि अध्यक्ष हेमंत पाठक को को भी जान से मारने की भी धमकी दी जा रही है। इस संबंध में हेमंत पाठक ने कहा कि इसकी जानकारी कॉलेज प्रबंधन व मानगो थाना को दे दी गई है।

घटना के दो घंटे बाद पहुंचा पिंक वाहन

छात्राओं के साथ छेड़खानी की घटना को रोकने के उद्देश्य से प्रारंभ किया गया पिंक वाहन शुक्रवार को वर्कर्स कॉलेज में देखा गया। छात्राओं ने बताया कि 20 दिन पहले यह वाहन आया था और शुक्रवार को घटना के दो घंटे के बाद यह वाहन आया है।

Posted By: Inextlive