राजस्थान में हाल ही में कैबिनेट से बाहर किए गए सचिन पायलट गुट के नेता विश्वेंद्र सिंह ने राजीव गांधी का नाम लेते हुए सीएम अशोक गहलोत पर निशाना साधा है। यहां पढ़ें पूरा मामला...

नई दिल्ली (एएनआई)। राजस्थान कांग्रेस में मची सियासी उथल-पुथल के बीच हाल ही में मंत्रिमंडल से हटाए गए विश्वेंद्र सिंह ने राजीव गांधी को लेकर अशोक गहलोत पर निशाना साधा है। पायलट ग्रुप के नेता ने हिंदी में ट्वीट किया कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी भी हैंडसम थे और अच्छी अंग्रेजी बोलते थे। विश्वेंद्र सिंह ने अपने ट्वीट में सचिन पायलट को भी टैग किया था। उनका यह ट्वीट 15 जुलाई को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की टिप्पणी के बाद आया, जब पायलट का नाम लिए बिना उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी के नेता बिना कठिन परिश्रम के केंद्रीय मंत्री और राज्य प्रमुख बन गए हैं। उन्होंने कहा कि अच्छी अंग्रेजी बोलना, अच्छी बाइट देना और सुंदर होना सब कुछ नहीं है। देश के लिए आपके दिल के अंदर क्या है, आपकी विचारधारा, नीतियां और प्रतिबद्धता, सब कुछ मायने रखती है।

हैंडसम तो पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी जी भी थे... और अंग्रेजी भी अच्छी बोलते थे...!!#BusKehRahaHu @SachinPilot

— Vishvendra Singh Bharatpur (@vishvendrabtp) July 18, 2020


राजस्थान कांग्रेस में उथल-पुथल जारी
सचिन पायलट और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बीच मतभेद सामने आने के बाद राजस्थान कांग्रेस में उथल-पुथल जारी है। 14 जुलाई को सचिन पायलट को राजस्थान के उप मुख्यमंत्री और राज्य कांग्रेस प्रमुख के पद से बर्खास्त कर दिया गया था। इतना ही नहीं राजस्थान कांग्रेस ने कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) की बैठकों में शामिल नहीं होने के लिए सचिन पायलट और पार्टी के 18 अन्य सदस्यों को नोटिस जारी किया गया है। इस पर पायलट राजस्थान हाईकोर्ट पहुंच गए हैं। मामले में अगली सुनवाई सोमवार को होनी है।
दो विधायक कैबिनेट से भी बाहर हुए
वहीं एक हाॅर्स ट्रेडिंग से जुड़ा एक कथित ऑडियाे वायरल होने के बाद पायलट खेमे के दो विधायकों को कैबिनेट से भी बाहर कर दिया गया था। ऑडियो टेप पर राजस्थान कांग्रेस के मुख्य ​व्हिप महेश जोशी द्वारा दायर की गई शिकायत के आधार पर एसओजी द्वारा पहले दिन में दो प्राथमिकी दर्ज की गई थीं, जिसमें कांगे्रस की अशोक गहलोत सरकार को गिराने की कथित साजिश के बारे में बातचीत हुई थी। गहलोत ने बीजेपी पर आरोप लगाया कि उसने विधायकों की हाॅर्स ट्रेडिंग करके राज्य सरकार को अस्थिर करने का प्रयास किया है।

Posted By: Shweta Mishra