- एक जनवरी 2020 से रेडियो सेवा शुरू करने की तैयारी

- कमांड एंड कंट्रोल सेंटर में खुलेगा रेडियो सेंटर, आरजे संभालेंगे कमान

abhishekmishra@inext.co.in

LUCKNOW

सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की बात हो या फिर शहर को स्मार्ट बनाने के लिए हो रहे प्रयास या फिर ट्रैफिक से जुड़ी हर जानकारी, हम सभी की जानकारियों से आसानी से रूबरू हो सकेंगे। यह जानकारी हम तक पहुंचाएगा स्मार्ट रेडियो। स्मार्ट सिटी के अंतर्गत इस सुविधा को शुरू करने की तैयारी भी पूरी कर ली गई है और संभावना है कि नए साल अर्थात एक जनवरी 2020 से इस सेवा की शुरुआत हो जाएगी।

यहां बनेगा रेडियो स्टेशन

स्मार्ट सिटी के अंतर्गत तैयार कमांड एंड कंट्रोल सेंटर में ही रेडियो स्टेशन स्थापित होगा। यहां आरजे भी बैठेंगे, जो स्मार्ट रेडियो के माध्यम से हर अपडेट जनता तक पहुंचाएंगे। खास बात यह भी है कि अगर कोई व्यक्ति शहर को स्मार्ट या स्वच्छ बनाने के लिए अपना सुझाव देना चाहता है तो वह स्मार्ट रेडियो से सुझाव भी दे सकता है। लोगों द्वारा दिए जाने वाले सुझाव पर तुरंत होमवर्क होगा और जल्द सुझाव को इंप्लीमेंट भी किया जाएगा। बस इतना जरूर देखा जाएगा कि जो सुझाव दिया गया है, उसके इंप्लीमेंट से शहर को स्मार्ट बनाने में कितना फायदा होगा।

दिन भर बजेंगे गाने

अन्य रेडियो एफएम स्टेशन की तरह ही स्मार्ट रेडियो पर भी दिन भर गाने बजेंगे। इसके साथ ही नगर निगम की सुविधाओं से जुड़ा हर अपडेट जनता तक पहुंचाया जाएगा। वहीं शहर को स्वच्छ बनाने की अपील भी की जाएगी। स्मार्ट रेडियो के आरजे ट्रैफिक से जुड़ी जानकारी भी पब्लिक तक पहुंचाएंगे। चूंकि स्मार्ट सिटी में ट्रैफिक कंपोनेंट है और इसके अंतर्गत पब्लिक को घर बैठे ट्रैफिक जाम के बारे में जानकारी हासिल करने की सुविधा दी जा रही है। इस सुविधा को स्मार्ट रेडियो से भी जोड़ा जाएगा। जिससे लोग जान सके कि कहां जाम लगा है।

एक्टिविटीज से भी रुबरू

इस समय शहर को स्मार्ट बनाने के लिए डिफरेंट-डिफरेंट एक्टिविटीज चल रही हैं लेकिन लोगों तक इसकी जानकारी नहीं पहुंच रही है। स्मार्ट रेडियो से इसकी जानकारी भी जनता तक पहुंचाई जाएगी, जिससे अधिक से अधिक लोग ऐसी एक्टिविटीज में शामिल हों।

मोबाइल से लेकर सिटी बस

स्मार्ट सिटी लि। के अधिकारियों की माने तो मोबाइल से लेकर सिटी बस में भी स्मार्ट रेडियो की सुविधा मिलेगी। जैसे दूसरे रेडियो स्टेशन काम करते हैं, ठीक उसी तर्ज पर स्मार्ट रेडियो भी काम करेगा। यह भी जानकारी मिली है कि आने वाले समय में मौसम आदि के अपडेट्स भी स्मार्ट रेडियो से जनता तक पहुंचाये जाएंगे।

नए साल से स्मार्ट रेडियो की सुविधा शुरू करने की तैयारी है। स्मार्ट रेडियो से पब्लिक को कल्याणकारी योजनाओं से लेकर कई अन्य जानकारियां आसानी से मिल जाएंगी।

डॉ। इंद्रमणि त्रिपाठी, सीईओ, स्मार्ट सिटी

Posted By: Inextlive