--नक्सलियों को 1.5 करोड़ की सुपारी देकर तमाड़ विधायक रमेश सिंह मुंडा की हत्या कराने का है आरोप

-रविवार को लिए गए थे हिरासत में, एनआइए की अदालत में किए गए पेश

रांची : नक्सलियों को डेढ़ करोड़ की सुपारी देकर तमाड़ के पूर्व विधायक रमेश सिंह मुंडा की हत्या कराने के आरोप में पूर्व मंत्री राजा पीटर को एनआईए (राष्ट्रीय जांच एजेंसी) ने चार दिनों के रिमांड पर लिया है। रविवार को राजा पीटर को हिरासत में लिए जाने के बाद सोमवार को एनआईए के प्रभारी न्यायाधीश दिवाकर पांडेय की अदालत में उन्हें पेश किया गया। एनआईए ने रविवार को हिरासत में लेकर राजा पीटर से लंबी पूछताछ के बाद उन पर षड्यंत्र रचने के आरोप की पुष्टि हुई तब उन्हें सोमवार को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया। राजा पीटर को पूर्व विधायक रमेश सिंह मुंडा की हत्या में मास्टर माइंड माना जा रहा है।

एएसआई भी 15 तक रिमांड पर

इसी मामले में एएसआई शेषनाथ सिंह को भी अरेस्ट किया गया था। इनकी गिरफ्तारी धनबाद के जोरापोखर से की गई। शेषनाथ को 15 अक्टूबर तक के लिए हिरासत में लिया गया है। शेषनाथ सिंह भौरा ओपी में तैनात है। आरोप है कि इन्होंने रमेश सिंह मुंडा की हत्या के दौरान नक्सलियों की मदद करने का आरोप है। उस वक्त शेषनाथ उनके बॉडीगार्ड हुआ करते थे। रांची के बुंडू में नक्सलियों ने इस हत्याकांड को अंजाम दिया था। रमेश सिंह मुंडा समेत उनके दो बॉडीगार्ड भी मारे गए थे पर शेषनाथ सिंह सुरक्षित बच गए थे।

----

-------------

नक्सली कुंदन पाहन सहित चार आरोपी हैं जेल में

रमेश सिंह मुंडा हत्याकांड में कुख्यात नक्सली कुंदन पाहन सहित चार आरोपी जेल में हैं। इनमें टिपरू वर्मा उर्फ संतोष, राम मोहन सिंह मुंडा व बलराम साहू पहले से ही रांची के बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा में बंद हैं। इन्हें पूर्व में ही रिमांड पर लेकर एनआइए पूछताछ कर चुकी है। सभी आरोपियों से पूछताछ के बाद ही राजा पीटर का नाम सामने आया था, जिसके बाद जांच एजेंसी ने राजा पीटर को हिरासत में लिया था, जिनकी सोमवार को विधिवत गिरफ्तारी हुई।

::::::::::::::::::::::::::::::

2008 में हुई थी विधायक रमेश सिंह मुंडा की हत्या

9 जुलाई 2008 को बुंडू के एक स्कूल में समारोह के दौरान ही तत्कालीन तमाड़ विधायक रमेश सिंह मुंडा सहित चार लोगों की हत्या की गई थी। इसके बाद 9 जुलाई 2008 को ही बुंडू थाने में काड संख्या 65/08 के तहत 10-12 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। इस मामले में 30 जून 2016 को पुलिस ने अदालत में चार्जशीट दाखिल की थी। थाने में प्राथमिकी विधायक के तत्कालीन निजी चालक व पिस्काटोली अड़की निवासी नंदकिशोर यादव उर्फ नंदू ने दर्ज कराई थी। पूर्व विधायक रमेश सिंह मुंडा के बेटे और तमाड़ के वर्तमान विधायक विकास सिंह मुंडा के अनुरोध पर यह मामला इसी वर्ष राष्ट्रीय जांच एजेंसी को सौंपा गया था। कुछ माह पूर्व ही एनआइए ने इस मामले में एनआइए ने कांड संख्या 1/2017 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया है। इसी के तहत पहले एएसआइ शेष नाथ सिंह और अब पूर्व मंत्री राजा पीटर की गिरफ्तारी की गई है।

Posted By: Inextlive