जमीन घोटाले में शुआट्स के पूर्व प्रतिकुलपति विनोद बी लाल जेल में हैं तो आरबी लाल व एसबी लाल फरार

-इन्हीं पर रहता था क्रिसमस से पहले जुलूस का सारा दारोमदार

ALLAHABAD: मसीही समुदाय के सबसे बड़ी खुशियों के त्योहार क्रिसमस में महज दो दिन का समय बचा हुआ है। लेकिन पिछले साल तक शहरियों को जिस पल का इंतजार रहता था उसका अलौकिक नजारा इस बार दिखाई नहीं दिया है। क्रिसमस से पहले यीशु दरबार से प्रतिवर्ष मानव मुक्ति जुलूस का आयोजन किया जाता था। यह अबकी बार स्थगित कर दिया गया है। इसकी बड़ी वजह यही मानी जा रही है कि यीशु दरबार से जुलूस के आयोजन व उसके कर्ताधर्ता रहे प्रति कुलपति रहे विनोद बी लाल जमीन घोटाले में जेल में बंद हैं। वहीं आरबी लाल और एसबी लाल उसी मामले में फरार चल रहे हैं।

दर्जनों वाहन से निकलता था जुलूस

क्रिसमस से एक सप्ताह पहले तक जुलूस निकालने को लेकर तैयारियां जोरों पर हुआ करती थी। शांति का संदेश देते सैकड़ों गुब्बारे उड़ाकर जुलूस को रवाना किए जाने की परंपरा चलती थी। जुलूस में प्रभु यीशु मसीह के जीवन से संबंधित एक दर्जन से अधिक झांकियां होती थीं। यह जुलूस यीशु दरबार से सिविल लाइंस स्थित बिशप हाउस तक जाता था। यहां से लौटकर जुलूस वापस यीशु दरबार पहुंचता था।

नौ वर्ष पुरानी परंपरा

यीशु दरबार से एक या दो नहीं बल्कि लगातार नौ वर्षो तक मानव मुक्ति जुलूस का आयोजन किया जाता रहा था। मसीही समुदाय की यह परंपरा इस बार टूट गई है। जमुना चर्च के पुरोहित आशीष खंडेलवाल ने बताया कि इस बार अंतिम समय तक लोग यही पूछ रहे थे कि सर जुलूस निकलेगा कि नहीं। लेकिन मेरे पास कोई उत्तर नहीं था।

मेरी जानकारी में यीशु दरबार से निकलने वाला जुलूस इस बार स्थगित कर दिया गया है। क्रिसमस के दिन यीशु दरबार में कोई आयोजन नहीं होगा। यह सब उसी परिप्रेक्ष्य में है जिसमें विनोद बी लाल को जेल भेजा गया है।

-एसबी सिंह, प्रवक्ता शुआट्स

Posted By: Inextlive