- चुने जाएंगे छह नए सदस्य, सपा के छह दावेदार आए सामने, भाजपा ने नहीं खोले पत्ते

बरेली : नगर निगम कार्यकारिणी समिति के सदस्यों का चुनाव 20 जनवरी को होना है। इसके लिए समाजवादी पार्टी की ओर से छह दावेदारों के नाम सामने आ चुके हैं, जिसमें से तीन ही चुनाव मैदान में उतारे जाएंगे। वहीं, भाजपा ने फिलहाल पत्ते नहीं खोले हैं, लेकिन वहां पार्षदों में उपसभापति बनने के लिए होड़ मची हुई है।

कार्यकारिणी समिति में 12 सदस्य होते हैं। मौजूदा कार्यकारिणी में दो सदस्य सपा के और 10 भाजपा के हैं। इस बार चुनाव 20 जनवरी को होगा। चुनाव में 80 पार्षदों के अलावा महापौर उमेश गौतम, केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार, शहर विधायक डॉ। अरुण कुमार, कैंट विधायक राजेश अग्रवाल और एमएलसी प्रो। वसीम बरेलवी भी वोट देंगे। चुनाव में छह नए सदस्य चुने जाएंगे और छह पुराने सदस्यों का कार्यकाल खत्म होगा। सपा पार्षद दल नेता राजेश अग्रवाल, अब्दुल कय्यूम मुन्ना, सलीम पटवारी, अफरोज अहमद, जुबैदा बी, तबस्सुम नफीस ने दावेदारी की थी। राजेश अग्रवाल ने बताया कि इसमें से अफरोज, जुबैदा बी और तबस्सुम नफीस को चुनाव लड़ाने का फैसला लिया गया है।

कार्यकारिणी समिति का चुनाव 20 जनवरी को होना है। इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। मतदान में भाग लेने वालों को सूचना भेज दी है।

श्यामलता आनंद, अपर नगर आयुक्त

Posted By: Inextlive