-भारतीय सेना के जवानों के अदम्य साहस की वीरगाथा देखने पहुंचे लोग

-इलाहाबाद म्यूजियम में प्रदर्शनी की हर तस्वीर बयां कर ही बहादुरी की अनोखी कहानी

ALLAHABAD: भारतीय सेना ने हमेशा से देश का मान बढ़ाया है। सेना के जवान प्रत्येक विषम परिस्थितियों देश के लिए मर मिटने को तैयार रहते हैं। 1965 में भारत और पाकिस्तान के बीच हुए संघर्ष में भी देश के जवानों ने अपनी बहादुरी का परिचय देते हुए पाकिस्तान को धूल चटा दी थी। हालांकि, इस युद्ध में देश के कई वीर सपूतों ने अपनी आहुति दी थी। इन्हीं शहीदों की शौर्य गाथा बुधवार को इलाहाबाद म्यूजियम में लगी प्रदर्शनी के दौरान देखने को मिली। मौका था 1965 में हुए इस युद्ध में देश के जवानों की शानदार जीत की 50 वीं वर्षगांठ का। प्रदर्शनी में बार्डर पर जवानों ने जिस अदम्य साहस का परिचय देते हुए पाकिस्तानियों को खदेड़ा था, पिक्चर के माध्यम से प्रदर्शनी में लोगों को देखने के लिए लगाया गया है। इसके पहले प्रदर्शनी का उद्घाटन रेड ईगल के कोर रैपिड के जीओसी मेजर जनरल पीसी थिमैया, कमिश्नर राजन शुक्ला और म्यूजियम के डायरेक्टर राजेश पुरोहित ने फीता काट कर किया।

हथियारों का भी प्रदर्शन

1965 वार की गोल्डन जुबली और रेड ईगल के 77वें रेजिंग डे पर इलाहाबाद म्यूजियम में शुरू हुई प्रदर्शनी के दौरान सेना के रेड ईगल डिवीजन की ओर से उस समय की स्थिति का दर्शाती कई फोटोग्राफ को प्रदर्शनी में शामिल किया गया है। खासतौर पर 1965 के युद्ध में सेना द्वारा प्रयोग किए गए कुछ हथियारों को भी प्रदर्शनी में लोगों के अवलोकन के लिए रखा गया है। इसके साथ ही सेना द्वारा युद्ध के समय सूचनाओं को ऑफिसर्स के साथ शेयर करने के लिए प्रयोग किए जाने वाले फोन आदि को भी प्रदर्शनी में रखा गया है। प्रदर्शनी में वीर अब्दुल हमीद जैसे जांबाजों की शौर्यगाथा का प्रदर्शित किया गया है। प्रदर्शनी में आडियो विजुअल के जरिए भी 1965 के युद्ध को दर्शाया गया है। भारतीय सेना द्वारा जीते गए विभिन्न पोस्ट का मानचित्र भी इसमें प्रदर्शित किया गया है।

लगा रहा तांता

प्रदर्शनी को देखने वाले लोगों का तांता लगा रहा। आर्मी के जवान के साथ ही आम लोगों की भी भारी भीड़ प्रदर्शनी को देखने पहुंचती रही। कई स्कूल के बच्चें भी आर्मी की वीरता की प्रदर्शनी को देखने पहुंचे। इस दौरान इलाहाबाद म्यूजियम सेना का बैंड देश भक्ति के गानों की प्रस्तुति करता रहा। प्रदर्शनी में सेना के लुक को दिखाने के लिए मेन गेट से ही प्रदर्शनी हॉल तक विशेष तैयारी की गई थी। जिससे लोगों को आर्मी एरिया जैसा फील आए। इस मौके पर रेड ईगल डिवीजन के ऑफिसर्स व अन्य सैन्य कर्मी मौजूद रहे।

Posted By: Inextlive