महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए मतदान खत्म हो गए हैं। अब 24 अक्टूबर को चुनाव परिणाम का इंतजार है। आइए नतीजों से पहले जानें एग्जिट पोल में महाराष्ट्र में किसकी नैया पार लग रही है।

कानपुर। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए मतदान समाप्त हो गए हैं। वोटिंग सोमवार को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक चली। महाराष्ट्र की 288 विधानसभा सीटों पर शाम पांच बजे तक 54.53 प्रतिशत मतदान हुआ। अब 24 अक्टूबर को मतगणना होगी, जिसके बाद ही पता चलेगा कि राज्य में किसकी सरकार बनेगी। मतदान खत्म होने के बाद टीवी चैनलों पर विभिन्न एग्जिट पोल सामने आ रहे हैं। आइये, उनपर एक नजर डालें।

इंडिया टुडे-एक्सिस माय इंडिया एग्जिट पोल
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2019 के लिए इंडिया टुडे-एक्सिस माय इंडिया एग्जिट पोल के मुताबिक राज्य में बीजेपी-शिवसेना गठबंधन को आसानी से बहुमत मिलता दिख रहा है। 288 सीटों में से, बीजेपी-शिवसेना गठबंधन 166-194 सीटें जीत सकता है जबकि कांग्रेस-एनसीपी गठबंधन को 70-90 सीटों से संतोष करना पड़ेगा।
News18-IPSOS के एग्जिट पोल
News18-IPSOS के एग्जिट पोल के नतीजों के मुताबिक 288 सीटों में से बीजेपी को 141 सीटें मिलने का अनुमान लगाया जा रहा है। वहीं शिवसेना को पिछली बार की 63 से बढ़कर 102 सीटें मिलने की संभावना है। एग्जिट पोल के मुताबिक विधानसभा में कांग्रेस की सीटों की संख्या 42 से घटकर 17 हो सकती है।

टाइम्स नाउ के एग्जिट पोल
टाइम्स नाउ के एग्जिट पोल के मुताबिक, बीजेपी और शिवसेना महाराष्ट्र में 230 सीटों पर जीत दर्ज करेंगे, जबकि कांग्रेस और एनसीपी गठबंधन लगभग 48 सीटों पर कामयाबी हासिल कर सकता है।

एबीपी न्यूज सीवोटर एग्जिट पोल
एबीपी न्यूज सीवोटर एग्जिट पोल के मुताबिक महाराष्ट्र में बीजेपी व शिवसेना गठबंधन को 204 सीटों पर कामयाबी मिल सकती है। वहीं कांग्रेस व एनसीपी गठबंधन को 69 सीटों पर सफलता मिलने का अनुमान लगाया है। एग्जिट पोल के अनुसार 15 सीटें अन्य के खाते में जा सकती हैं।
 
रिपब्लिक टीवी जन की बात एग्जिट पोल

महाराष्ट्र के लिए रिपब्लिक टीवी जन की बात एग्जिट पोल ने बीजेपी-शिवसेना गठबंधन को 223 सीटें मिलने का अनुमान लगाया है। वहीं कांग्रेस को 54 व अन्य को 11 सीटें मिलने की बात कही है।

 

Posted By: Mukul Kumar