- सरधना आने वाले सभी मार्ग क्षतिग्रस्त होने से झेलनी होगी परेशानी

सरधना : ऐतिहासिक चर्च पर 9 नवंबर को लगने वाले कृपाओं की माता मेले की तैयारियां जोरों पर हैं। इसके लिए चर्च को सजाया जा रहा है। मगर सरधना पहुंचने वाले सभी मार्गो का बुरा हाल है। चर्च के बाहर ही रास्ते पर पत्थर डालकर उन्हें मिट्टी से ढक दिया गया है। संत चा‌र्ल्स कॉलेज से कालंद चुंगी तक भी इसी तरह सड़क का निर्माण हो रहा है। हालांकि पीडब्लूडी के अधिकारी महोत्सव से पूर्व सीसी रोड बनवाने का दावा कर रहे हैं। वहीं खिर्वा और नानू मार्ग भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं को दिक्कतें झेलनी पड़ेगी, यह तय है। इसे लेकर चर्च प्रशासन भी चिंतित है।

कृपाओं की माता का महोत्सव

बेगम समरू द्वारा बनवाए गए ऐतिहासिक चर्च पर प्रतिवर्ष नवंबर माह के दूसरे रविवार को कृपाओं की माता का महोत्सव आयोजित होता है। जिसमें देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु शिरकत करते हैं। मेले की तैयारियां फिलहाल जोरों पर हैं। चर्च इमारत की मरम्मत और पुताई का काम लगभग पूरा हो गया है। मगर सरधना पहुंचने के सभी मार्ग क्षतिग्रस्त है। खिर्वा और नानू मार्ग का बुरा हाल है। इसके अलावा चर्च के निकट ही संत चा‌र्ल्स कॉलेज से कालंद चुंगी तक सड़क निर्माण कार्य चल रहा है। इन मार्गों से गुजरकर लाखों श्रद्धालु चर्च पहुंचेंगे। मार्ग पर पत्थर डाल कर उन्हें मिट्टी से ढका जा रहा है। चर्च से बीआरसी पुलिया तक भी इसी तरह सड़क बना दी गई है। इस सड़क पर महोत्सव के दिन संत चा‌र्ल्स इंटर कॉलेज (बेगम का महल) तक शोभा यात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा के दौरान भी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। इसे लेकर चर्च प्रशासन भी चिंतित है। चर्च के प्रबंधक केवी जॉर्ज और पल्ली पुरोहित फादर जॉन मेंडोंसा का कहना है कि सरधना आने वाली सड़कों का बुरा हाल है। निर्माण कार्य मेले तक पूरा न होने से श्रद्धालुओं को मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है। उधर, पीडब्लूडी के सहायक अभियंता सुनील सागर का दावा है कि चर्च के बाहर और संत चा‌र्ल्स कॉलेज से कालंद चुंगी तक महोत्सव से पूर्व सीसी रोड का निर्माण हो जाएगा। चर्च महोत्सव के महज 8 दिन शेष हैं, ऐसे उनके इस दावे में दम दिखाई नहीं दे रहा है।

सिक्किम के सांसद ने भी भेजा पत्र

- पीडब्लूडी के सहायक अभियंता सुनील सागर ने कहा कि सरधना का चर्च विश्व विख्यात है। देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं। चर्च के आसपास के क्षेत्र के लिए सरकार की ओर से बड़े प्रोजेक्ट की दरकार है। हाल ही में सिक्किम के एक सांसद का पत्र भी पीडब्लूडी को मिला है। उन्होंने चर्च के पास की सड़कों के निर्माण की मांग उठाई है।

Posted By: Inextlive