8 बजे से लागू होगा फास्टैग, एनएचएआई ने दिए निर्देश

25 फीसदी फास्टैग लगे वाहन ही सिवाया टोल प्लाजा से गुजर रहे

2 लेन से सिवाया टोल प्लाजा से गुजरेंगे कैश वाहन

Meerut। सिवाया टोल प्लाजा पर आज (रविवार) सुबह 8 बजे फास्टैग व्यवस्था को प्रभावी कर दी जाएगी। वहीं वाहनों का जमावड़ा कैश की सिंगल लाइन में जुटेगा। क्योंकि अभी तक टोल प्लाजा से गुजर रहे वाहनों में से महज 25 फीसदी वाहन ही ऐसे हैं जिनमें टोल टैक्स का पेमेंट फास्टैग से हो रहा है। बाकी के 75 फीसदी वाहन टोल टैक्स का भुगतान कैश से कर रहे हैं। आज सुबह 8 बजे के बाद यह 75 फीसदी वाहन टोल प्लाजा से सिर्फ लेन से गुजर सकेंगे। जबकि बाकी की 5 लेन से 25 फीसदी फास्टैग लगे वाहनों को गुजारा जाएगा। ऐसे में टोल प्लाजा पर बिना फास्टैग लगे वाहनों को गुजारना एक बड़ी चुनौती होगी।

सिर्फ दो लेन से गुजरेंगे कैश वाहन

मेरठ के सिवाया टोल प्लाजा पर कुल 12 लेन हैं। जिसमें से 6 लेन, मेरठ से मुजफ्फनगर की ओर जाने के लिए हैं जबकि 6 लेन मुजफ्फरनगर से मेरठ की ओर आने के लिए हैं। नई व्यवस्था के तहत रविवार सुबह 8 बजे के बाद दोनों ओर 5-5 लेन, डेडीकेटेड फास्टैग लेन हो जाएंगी। जबकि दोनों ओर 1-1 लेन ऐसी है जिसमें फास्टैग के अलावा कैश पेमेंट वाले वाहन भी गुजर सकेंगे। अब जबकि फास्टैग लगे वाहनों की संख्या टोल टैक्स से गुजर रहे कुल वाहनों की संख्या का 25 प्रतिशत है, ऐसे में सिंगल लेन पर वाहनों का जबरदस्त दबाव रहेगा। जिसे नियंत्रित करना टोल प्रबंधन के लिए मुश्किल होगा। यथा स्थिति की जानकारी वेस्टर्न यूपी टोल वे कंपनी के ऑपरेशन मैनेजर प्रदीप चौधरी ने एनएचएआई को दे दी है।

पब्लिक में नहीं है रुझान

देशभर में एनएचएआई के सभी टोल प्लाजा पर 1 दिसंबर से फास्टैग व्यवस्था को लागू किया जाना था। ऐन मौके पर केंद्रीय मंत्री नितिन गड़करी के आदेश के बाद इस व्यवस्था को 15 दिन के टाल दिया गया। तय हुआ कि अब 15 दिसंबर से देशभर में फास्टैग व्यवस्था को लागू किया जाएगा। लेकिन यह क्या? बीते 15 दिनों में लोगों में जरा भी अवेयरनेस नहीं आई। आलम यह है कि 30 नंबवर को भी सिवाया टोल प्लाजा से गुजर रहे महज 25 प्रतिशत वाहनों में ही फास्टैग लगा था जो रेशियो 15 दिन बाद भी एज-इट-इज है। जबकि हाइवे पर टोल प्लाजा के नजदीक विभिन्न बैंकों द्वारा काउंटर संचालित हो रहे हैं। जो वाहन चालकों को तत्काल फास्टैग दे रहे हैं। बता दें कि फास्टैग 500 रुपए का है। जिसमें से 200 रुपए सिक्योरिटी अमाउंट है जबकि 300 रुपए का बैलेंस मिलेगा।

आज सुबह 8 बजे से फास्टैग को सिवाया टोल प्लाजा पर लागू कर दिया जाएगा। दोनों ओर से 10 लेन पर फास्टैग वाले वाहन गुजरेंगे जबकि 2 लेन पर ही कैश वाहन गुजर सकेंगे। फास्टैग लगे वाहनों की संख्या कम है, सिंगल लेन से बड़ी संख्या में वाहनों को गुजारना चुनौती होगी।

प्रदीप चौधरी, ऑपरेशन मैनेजर, वेस्टर्न यूपी टोल-वे

Posted By: Inextlive