- बहू ने ससुर से संबंध बनाने का किया था विरोध

- 3 फरवरी को ही हुई थी शादी, पति चला गया केरल

- नहीं है सास, ससुर ने 20 मई को तय कर रखी है अपनी दूसरी शादी

BRAHMPUR/JHANGHA: झंगहा थाना क्षेत्र के राघो पट्टी पड़री में एक अय्याश व्यक्ति ने ससुर-बहू के रिश्ते के साथ ही टीचर के पेशे को भी कलंकित कर दिया। शारीरिक संबंध बनाने में असफल होने पर 19 वर्ष की मासूम बहू को जिंदा जला डाला। पुलिस ने मौके से मिट्टी का तेल भरा गैलन बरामद कर लिया है। साथ ही केस दर्ज कर आरोपी ससुर को जेल भेज दिया। आरोप है कि ससुर अय्याश किस्म का है और बहू पर अक्सर बुरी नीयत रखता था। यहां तक कि उसने खुद अपनी शादी तय कर रखी है जो 20 मई को होनी है।

तीन महीने पहले हुई शादी

गोला बाजार क्षेत्र के कोठा निवासी महातम मौर्य ने बेटी संगीता मौर्य की शादी 3 फरवरी 2016 को राघोपट्टी पड़री निवासी रामाकांत मौर्य के बेटे रामप्रताप मौर्य से कर दी। रामप्रताप मौर्य केरल में प्राइवेट नौकरी करता है। शादी के कुछ दिन बाद छुट्टियां समाप्त होने पर वह पत्‍‌नी संगीता को उसके मायके पहुंचा दिया और खुद केरल चला गया। बताया जाता है कि रामप्रताप मौर्य की मां का बहुत पहले देहांत हो गया है। रामाकान्त मौर्य अय्याश किस्म का आदमी है। बेटे की शादी के बाद रामाकांत ने अपनी दूसरी शादी तय कर ली। 20 मई को उसकी शादी होनी है। लेकिन इस बीच वह बहू से भी संबंध बनाना चाहता था। उसकी नीयत बहू को देखकर बिगड़ गई थी।

बेटे की अनुपस्थिति में कराई विदाई

बेटे के केरल चले जाने के बाद रामाकांत को रहा नहीं गया। वह बेटे के ससुराल जाकर बहू संगीता की विदाई कराकर घर लेते गया। वहां उसने संगीता से शारीरिक संबंध बनाने का प्रस्ताव रखा। इसका विरोध संगीता ने किया और अपने घर वालों को कॉल कर इसकी जानकारी दी। लोकलाज के डर से घर वालों ने बात को वही खत्म करने को कहा और ससुर से बचकर रहने की हिदायत दी। रामाकांत किसान पूर्व माध्यमिक विद्यालय दुबैली में टीचर है। बहू ने उसे ससुर और टीचर की मर्यादा समझाई लेकिन इसका भी कोई असर न हुआ।

रात में की संबंध बनाने की कोशिश

बहू के समझाने के बाद भी ससुर की नीयत नहीं बदली। वह संगीता से संबंध बनाने की कोशिश में लगा रहा। बुधवार की रात भी उसने कोशिश की। इसकी जानकारी बहू ने अपने मायके वालों को दी। आरोप है कि संबंध बनाने में असफल होने पर गुरुवार को सुबह 7 बजे ससुर ने मिट्टी का तेल डालकर बहूं को जिंदा जला डाला। धुआं देख और चीख सुनकर गांव के लोग दौड़े और टीनशेड हटाकर संगीता को बाहर निकाला लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई। प्रधान की सूचना पर झंगहा थानाध्यक्ष अनिल यादव और चौरी चौरा नायब तहसीलदार अनिता यादव मौके पर पहुंच गए। मौके से मिट्टी के तेल का गैलन बरामद किया। ससुर रामाकान्त को गिरफ्तार कर लिया।

मृतका के पिता महातम मौर्य की तहरीर पर ससुर रामाकान्त के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

- अनिल यादव, एसओ, झंगहा

Posted By: Inextlive