पुलिस ने मंदिर में ले जाकर कराई शादी और दिया आशिर्वाद

नहीं आया था लड़का पक्ष की ओर से परिवार का कोई सदस्य

ALLAHABAD: एक तरफ जहां लोग अब भी दहेज की खातिर बेटियों की बोली लगा रहे हैं वहीं एक युवक ने दहेज लोभी पिता को जोर का झटका धीरे से ही दिया। उसने थाने में लड़की से शादी की इच्छा जताई इस सूचना के साथ की लड़की भी शादी को तैयार है। जबकि लड़के के पिता ने बाइक न मिलने के कारण शादी से इंकार कर दिया था। थानेदार ने लड़का-लड़की को बुलाया और उनकी रजामंदी के बाद मंदिर में ले जाकर दोनों की शादी करा दी। फिर वर्दी वालों ने उनके बड़े-बुजुर्ग की तरह आशीर्वाद दिया और इस हिदायत के साथ घर भेज दिया कि यदि लड़के के परिवार वालों ने लड़की के साथ ज्यादती की तो उनकी खैर नहीं। मामला कौंधियारा थाना क्षेत्र का है।

अखिलेश-सुनीता बोले, थैक्स पुलिस

कौंधियारा थाना क्षेत्र के गढ़ैया कला गांव के बसंत लाल ने बेटी सुनीता की शादी घूरपुर में अखिलेश के साथ तय की थी। शादी तय होने के बाद कुछ महीने तक सब ठीक ठाक चल रहा था। अचानक एक दिन लड़के अखिलेश के पिता मसूरियादीन ने लड़की पक्ष से एक लाख रुपए और बाइक की डिमांड कर दी। दहेज की मांग होते ही लड़की पक्ष के लोग परेशान हो गए। हालांकि किसी तरह लड़की के पिता ने दहेज के एक लाख रूपये का प्रबंध कर लिया। मगर बाइक का इंतजाम नहीं कर सके। लड़की के पिता ने लड़के के पिता से जब बताया कि उसने कैश का इंतजाम कर लिया है, लेकिन बाइक के लिए पैसे का इंतजाम नहीं हो पा रहा है। इतना सुनते ही अखिलेश के पिता ने शादी से इंकार कर दिया।

मगर ये तो मोहब्बत के मारे थे

शादी तय होने के बाद ही लड़के और लड़की के बीच फोन पर बातचीत का सिलसिला शुरू हो चुका था। एक साल पहले दोनों पक्षों की रजामंदी से शादी की तारीख 11 मई 2017 और तिलक पांच मई को रखी गई थी। इधर शादी टूटने के बाद लड़की के पिता ने लड़के के पिता के खिलाफ कौंधियारा थाने में तहरीर दी तो पता चला कि लड़का भी पहले से संपर्क में है और बिना दहेज शादी करना चाहता है। एसओ आनंद पांडे ने लड़के के पिता को थाने बुलाया, लेकिन वह नहीं आया। तब थानाध्यक्ष ने लड़का-लड़की से बात की और दोनों की रजामंदी के बाद पुलिस की गाड़ी में उन्हें मंदिर ले गए। वहां पुलिस की मौजूदगी में दोनों की शादी हुई और पुलिस वालों ने ही लड़का व लड़की पक्ष बनकर सभी रस्में निभाने के साथ वर-वधू को आशिर्वाद भी दिया। पुलिस के इस कार्य की पूरे इलाके में चर्चा है और लोग इसकी काफी तारीफ कर रहे हैं।

दहेज के लालच में लड़के के पिता ने शादी तोड़ दी थी। लड़के ने थाने में शादी की इच्छा जताई। बताया कि लड़की भी तैयार है। लड़की से बात की गई और उसकी रजामंदी के बाद दोनों को बुलाकर विवाह कराया गया है। बाद में उन्हें घर भेज दिया गया।

आंनद पांडे, एसओ, कौंधियारा

Posted By: Inextlive