- 2016 में विदेशी पर्यटक बढ़े तो कम हुए देसी पर्यटक

- आखिरी दिन 40 हजार से ज्यादा ने किया ताज का दीदार

आगरा। ताज को लेकर जहां विदेशी पर्यटकों की रूचि बढ़ी है वहीं देसी पर्यटकों ने ताज से मुंह मोड़ लिया है। वर्ष 2015 की अपेक्षा वर्ष 2016 में विदेशी पर्यटकों की संख्या में बढ़ोत्तरी हुई है जबकि देसी पर्यटकों की संख्या में काफी कमी हुई है।

देसी पर्यटकों में आई कमी

वर्ष 2016 में करीब 661148 विदेशी पर्यटकों ने ताज का दीदार किया वहीं भारतीय पर्यटकों में यह संख्या 5540445 की रही। 2015 की अपेक्षा वर्ष 2016 में विदेशी पर्यटकों में 21810 की बढ़ोत्तरी हुई। लेकिन भारतीय पर्यटकों में 301842 की काफी गिरावट आई है। शहर में पर्यटकों का नाइट स्टे न होना बड़ी वजह मानी जा रही है। विदेशी पर्यटक दिल्ली से आगरा आते हैं और दिन में ही घूम कर जयपुर चले जाते हैं लेकिन भारतीय पर्यटक ऐसा नहीं करते हैं।

अंतिम दिन उमड़ा हुजूम

साल के अंतिम ताज का दीदार करने के लिए पर्यटकों का हुजूम उमड़ पड़ा। साल के अंतिम 40 हजार से ज्यादा पर्यटकों ने ताज को निहारा। साल के आखिरी दिन 30817 भारतीय, 3621 विदेशी और 453 सार्क के पर्यटक सहित कुल 34891 पर्यटक रहे। 15 वर्ष से कम की उम्र वालों की टिकट नहीं लगती। ऐसे में यह आंकड़ा 40 हजार से ज्यादा है। आखिरी दिन पश्चिमी गेट पर खासी भीड़ रही। दोपहर करीब 2 से 3 बजे के बीच में भीड़ अनियंत्रित हो गई जिसे नियंत्रित करने के लिए पुलिस को आना पड़ा। पुलिस जवानों ने लाउड स्पीकर से सभी को व्यवस्था बनाए रखने के लिए कहा।

Posted By: Inextlive