दिल्‍ली सरकार के विवादित मंत्रियों में शुमार सोमनाथ भारती के ऊपर डोमेस्टिक वॉयलेंस के मामले में गिरफ्तारी की तलवार लटकती दिखाई पड़ रही है। दिल्‍ली पुलिस ने इस मामले में भारती के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

अरेस्ट हो सकते हैं भारती
दिल्ली पुलिस ने घरेलू हिंसा के तहत आम आदमी पार्टी के विधायक और दिल्ली के पूर्व कानून मंत्री सोमनाथ भारती के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। इसके बाद उनके ऊपर गिरफ्तारी की तलवार लटकी है। उनकी पत्नी लिपिका ने गुरुवार को दक्षिण-पश्चिम जिले की महिला अपराध शाखा में शिकायत दर्ज कराई थी। महिला अपराध शाखा पहले मामले की जांच करने के बाद द्वारका थाना पुलिस ने सोमनाथ भारती के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इससे पहले दिल्ली महिला आयोग में भारती के खिलाफ घरेलू उत्पीड़न की शिकायत दर्ज कराई थी।

शारीरिक उत्पीड़न के आरोप

अपनी शिकायत में लिपिका ने सोमनाथ भारती के खिलाफ मानसिक व शारीरिक उत्पीड़न से जुड़े कई गंभीर आरोप लगाए हैं। शारीरिक उत्पीड़न से जुड़ी शिकायतों को देखते हुए पुलिस ने लिपिका की मेडिकल जांच कराई। कड़ी सुरक्षा के बीच पुलिस की टीम उन्हें डीडीयू अस्पताल ले गई जहां उनकी जांच हुई। शिकायत में लिपिका ने सोमनाथ द्वारा कई बार मारपीट किए जाने व शरीर पर चोट के निशान होने की बात कही है।
कुत्ते से कटवाने का आरोप

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि गर्भावस्था के दौरान उन्हें कुत्ते से कटवाया गया था। दो महीने पहले भी उनके साथ मारपीट की गई थी। इस दौरान शाखा की अधिकारियों ने उनकी शिकायतों को ध्यान से सुना। दक्षिणी-पश्चिमी जिला पुलिस उपायुक्त आरए संजीव ने बताया कि लिपिका को तत्काल एक सुरक्षाकर्मी उपलब्ध कराया गया है। घरेलू हिंसा मामले में फंसे दिल्ली के पूर्व कानून मंत्री के खिलाफ गुरुवार को भाजपा की महिला मोर्चा ने जमकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के इस्तीफे की मांग की। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान की खातिर भारती को भी इस्तीफा देना चाहिए।
साभार: दैनिक जागरण

Hindi News from India News Desk

 

Posted By: Prabha Punj Mishra