आगरा। सिकंदरा के इंडस्ट्रियल एरिया में एक केमिकल फैक्ट्री में शुक्रवार शाम को भीषण आग लग गई। फैक्ट्री में काम कर रहे मजदूरों ने बाहर निकलकर जान बचाई। केमिकल से भरे ड्रम धमाकों के साथ फटने लगे। ड्रम के जलते परखच्चे उड़े कर पड़ोस की फैक्ट्री तक पहुंच गई। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद दमकल ने आग को काबू में कर लिया।

खंदारी के फ्रैंड्स आशियाना निवासी सौरभ भल्ला और नितिन बत्रा की सिकंदरा के इंडस्ट्रियल एरिया ई-51 में केमिकल फैक्ट्री है। इसमें शुक्रवार को 10 कर्मचारी काम कर रहे थे। फैक्ट्री में पीछे कंस्ट्रक्शन के काम में 15 मजदूर लगे थे। शाम साढे़ चार बजे अचानक फैक्ट्री के गेट के पास आग लग गई। इसके बाद फैक्ट्री में भगदड़ मच गई। फैक्ट्री के कर्मचारियों ने बाहर निकलकर जान बचाई। कंस्ट्रक्शन का काम कर रही लेबर पीछे से बाउंड्रीवाल से कूदकर निकल गई। फैक्ट्री में खड़ी मजदूरों की चार बाइक जल गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया।

केमिकल के ड्रमों में आग लगने के बाद वे धमाके के साथ फट गए। इससे फैक्ट्री की छत भी टूट गई। एक के बाद एक धमाके हुए और ड्रम करीब पचास-पचास मीटर दूर जाकर गिरने लगे। लपटों के साथ उठा काला धुंआ आसमान में छा गया। केमिकल के साथ आग पास की फैक्ट्री में पहुंच गई। इसकी चपेट में आकर पेड़ जल गए। दमकल की सात गाडि़यां मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने रोड की एक लेन रोक दी। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद दमकलकर्मियों ने आग बुझा दी। आग में मजदूरों की चार बाइक और फैक्ट्री में रखा केमिकल जल गया।

Posted By: Inextlive