GORAKHPUR: रेलवे यांत्रिक कारखाना में शुक्रवार सुबह आग लग गई। आग की लपटे और धुआं देख कारखाना कर्मियों में अफरातफरी मच गई। मौके पर पहुंची दमकल की टीम ने समय रहते आग पर काबू पा लिया। इसके बाद कारखाना प्रबंधन और कर्मचारियों ने राहत की सांस ली। हालांकि, शुक्रवार सुबह तक धुआं के चलते सांस लेना मुश्किल हो रहा था। कर्मचारियों को कार्य करना मुश्किल हो गया था। धीरे-धीरे स्थिति सामान्य हुई। अभी तक आग लगने के कारणों का पता तो नहीं चल पाया है, लेकिन रेलवे प्रशासन ने जांच शुरू करा दी है। भोर में सुबह तीन बजे के आसपास कैंटीन के पीछे रेक्सीन के ढेर से धुआं निकलता देख कर्मचारियों के कान खड़े हो गए। देखते ही देखते रेक्सीन के ढेर से आग की लपटें निकलने लगीं। सूचना मिलते ही मौके पर संबंधित अधिकारी, इंजीनियर और दमकल की दो टीम मौके पर पहुंच गई। दमकल की टीम और कारखाना कर्मचारियों ने जेसीबी के सहयोग से आग पर काबू तो पा लिया लेकिन इसके लिए उन्हें दो घंटे कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। सुबह पांच बजे तक आग पूरी तरह बुझ गई।

कोई क्षति नहीं हुई है। जान-माल को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। आधे घंटे में आग पर काबू पा लिया गया। मामले की जांच हो रही है।

-पंकज कुमार सिंह, सीपीआरओ, एनई रेलवे

Posted By: Inextlive