- केमिकल में झुलसकर तड़प- तड़पकर तोड़ा दम

- आग बुझाने पहुंची फायर बिग्रेड को नहीं चला पता

आगरा। शहर में बुधवार को दिल दहलाने वाला हादसा हुआ। एक घनी बस्ती के बीच जूता गोदाम में आग लग गई। इसमें फंसकर एक मजदूर की मौत हो गई, साथ में फैक्ट्री मालिक के पुत्र समेत एक मजदूर घायल भी हो गया। फायर बिग्रेड कर्मियों ने आग बुझाई और चलते बने। उन्हें मलबे में दबे युवक की जानकारी ही नहीं हुई। पड़ोसियों और परिजनों के पहुंचने के बाद मृतक की बॉडी निकाली जा सकी। बस्ती के बीच आग की दहशत से आक्रोशित भीड़ और परिजनों ने जमकर हंगामा काटा। मृतक की बॉडी ले जाने से एंबुलेंस को रोका। जाम भी लगाया। पुलिस तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद काबू पा सकी।

दो ड्रम केमीकल ने भयावह की आग

शाहगंज थाना, राम नगर सब्जी मंडी निवासी महेश पुत्र अंगद सिंह ने मंडी के ही पास आगरा क्लीनिक गली में मोहन सिंह का एक कमरा किराए पर ले रखा है। इसका इस्तेमाल जूता के रॉ मटेरियल और केमिकल रखने के लिए किया जाता है। बुधवार की सुबह लगभग 11 बजे महेश का पुत्र राजेश दो मजदूर गढ़ी भदौरिया निवासी रोहन उर्फ रूपा पिता डालचंद (22 वर्ष) और कालू के साथ गोदाम पहुंचा। इसी बीच अचानक गोदाम में आग लग गई। वहां 200 लीटर के ज्वलनशील केमिकल के दो ड्रम से लपटें भयावह हो गईं। आसपास के घरों को अपने लपटों ने आगोश में ले लिया। इसमें रोहन बुरी तरह से फंस गया और मलबे में दबकर तड़प-तड़पकर दम तोड़ दिया।

कई थानों का फोर्स पहुंचा

वहीं राजेश और कालू लपटों के बीच से बाहर आ गए। फैक्ट्री मालिक रोहन को उसी हालत में छोड़कर घायल पुत्र को हॉस्पिटल ले गया। वहीं सूचना पर फायर बिग्रेड की तीन गाडि़यों ने आग पर काबू पाया और लौट गई। इस बीच आक्रोशित स्थानीय जनता और रोहन के परिजन मौका स्थल पर पहुंचे, तो उन्हें रोहन का शव मिला। वे फैक्ट्री मालिक और फायर बिग्रेड की लापरवाही पर भड़क उठे। पुलिस को एंबुलेंस में मृतक की बाडी ले जाने से रोक दिया। जाम लगाकर जमकर हंगामा किया। मौके पर कई थानों की फोर्स पहुंच गई। एक घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस हालात काबू पा सकी। बॉडी को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। वहीं परिजनों के साथ स्थानीय लोग ने थाना में भी विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस ने पिता की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया है।

थाने पर जमकर हंगामा

राम नगर सब्जी मंडी में हादसे के बाद जनता में आक्रोश बढ़ता गया। लोग सड़कों पर उतर आए। उनका गुस्सा बस्ती में गोदाम खोलने और अपनी जान जोखिम में लेकर था। इस स्थिति को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। रामनगर सब्जी मंडी के बाद रोहन के परिजन शाहगंज थाना तक पहुंच गए। यहां दोपहर एक बजे से लेकर शाम 4 बजे तक मौजूद रहे। इस बीच कई बार गहमागहमी बनी।

फायर बिग्रेड कर्मियों को मौत का पता ही नहीं

घटना बुधवार सुबह 11 बजे की है। बिग्रेड कर्मियों का कहना था कि वे 15 से 20 मिनट में मौके पर पहुंचे। तीन टैंक पानी से आग पर काबू पाया गया, लेकिन इन्हें गोदाम के भीतर रोहन के दबे होने की जानकारी नहीं मिल सकी।

Posted By: Inextlive