-होटल ग्रैंड कांटिनेंटल के किचन में डेढ़ घंटे तक धधकती रही आग

-होटल में रुके गेस्ट्स में मच गया हड़कंप, सभी आ गए थे बाहर

ALLAHABAD: शहर के फेमस होटलों में एक सिविल लाइंस स्थित होटल ग्रैंड कांटिनेंटल रविवार की भोर बड़ी दुर्घटना से बच गया। होटल के किचन में करीब डेढ़ घंटे तक लपटें धधकती रहीं। होटल स्टॉफ को डेढ़ घंटा बाद होटल के किचन में आग लगने की जानकारी हुई। किचन में दो सिलेंडर रखा हुआ था। ये तो संयोग अच्छा था कि आग नहीं लगी, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। वहीं होटल के मैनेजर व स्टाफ ने आग लगने को छोटी घटना बताया।

लापरवाही बनी वजह

होटल के किचन में आग लगने का कारण होटल स्टाफ की लापरवाही बताई जा रही है। रविवार की भोर में करीब चार बजे ही होटल का किचन स्टाफ ब्रेकफास्ट बनाने की तैयारी में लग गया। किचन स्टॉफ ने किचन का चूल्हा जलाया और उस पर आलू उबलने के लिए रख दिया। आलू को चूल्हे पर रख कर किचन स्टॉफ बाहर निकल आए और आराम करने लगे। इसी बीच उन्हें नींद लग गई और वे सो गए। चूल्हे पर रखा आलू उबल रहा था कि चूल्हे के पास से गैस का रिसाव होने लगा, जिससे किचन में आग लग गई। थोड़ी देर में आग ने विकराल रूप पकड़ लिया। किचन में रखा सारा सामान जलने लगा। इस दौरान होटल में मौजूद लोगों और कर्मचारियों ने बताया कि करीब एक डेढ़ घंटे तक आग जलती रही।

धुआं फैला तो मचा हड़कंप

सुबह करीब साढ़े पांच बजे किचन से निकल रहा धुआं देख हर तरफ हड़कंप मच गया। होटल में आग लगने की जानकारी होते ही कमरों में रुके यात्री हड़बड़ी में बाहर निकल आए। वहीं होटल स्टाफ आग बुझाने में लग गया। इस बीच आग बुझाने के दौरान एक कर्मचारी अजीत का हाथ झुलस गया। घटना की सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई। फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आग पर काबू पा लिया गया था। आग लगने से किचन का सामान जल गया।

वर्जन-

रविवार सुबह होटल स्टाफ ब्रेकफास्ट की तैयारी में लगे थे। इसी बीच फ्राई पेन से निकली आग की चिंगारी किचन में फैल गई, जिसे होटल स्टाफ ने तत्काल काबू कर लिया। फायर ब्रिगेड को भी सूचना दी गई। कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।

-आशीष श्रीवास्तव

मैनेजर, होटल ग्रांड कांटिनेंटल

Posted By: Inextlive