RANCHI: रांची में बेखौफ अपराधियों ने शनिवार को अहले सुबह वीआईपी इलाका माने जाने वाले अशोक नगर में एक युवक को गोली मार कर जख्मी कर दिया। घटना उस वक्त घटी, जब वह अपने बच्चे को छोड़ने बस स्टैंड पर आया था। जख्मी युवक चैतन्य खूंटी के तोरपा का रहने वाला है, जो पिछले कुछ दिनों से अशोक नगर में किराए के मकान में रहता है। फिलहाल घायल युवक का इलाज रिम्स में किया जा रहा है। पुलिस की मानें तो आपसी रंजिश में युवक को गोली मारी गई। लेकिन गोली युवक के माथे को छूते हुए निकल गई। युवक खतरे से बाहर है।

क्या है मामला

विक्टिम ने बताया कि बीते मार्च माह में घर के पास ही हुए हमले के बाद से वह रांची के अशोक नगर में किराए का मकान ले कर रह रहा है। वहीं, सिटी एसपी अमन कुमार ने कहा कि चैतन्य नामक व्यक्ति खूंटी में जमीन का काम करता है। पूछताछ में पता चला है कि खूंटी में किसी जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। इससे पहले मार्च महीने में भी उस पर गोली चलाई गई थी। पीडि़त ने दो-तीन लोगों का नाम बताया है। पीडि़त ने कहा कि उसी मामले को लेकर उस पर दोबारा जानलेवा हमला किया गया है। एसपी ने कहा कि कहा कि दो लोगों ने हमला किया था, जो भाग गए। पुलिस उन दोनों को ढूंढ़ रही है। इधर, घायल युवक चैतन्य कुमार ने कहा कि हमलावर खूंटी के ही थे। वह उन्हें पहचानता है।

Posted By: Inextlive