-सुलेमसराय में रहने वाली महिला के साथ की अश्लील हरकत और पिटाई

-पीडि़ता ने धूमनगंज थाने में नौ नामजद और कई अज्ञात पर दर्ज कराई रिपोर्ट

prayagraj@inext.co.in

PRAYAGRAJ: सुलेमसराय गौतम बुद्ध मार्ग में रहने वाली एक महिला के घर पर असलहों से लैस पड़ोसियों ने जमकर उत्पात मचाया। महिला के साथ अश्लील हरकत की और उसे जमकर पीटा। महिला की तहरीर पर पुलिस ने नौ नामजद और कई अज्ञात के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला मकान के विवाद को लेकर बताया जा रहा है।

आए दिन करते हैं परेशान

धूमनगंज थाना क्षेत्र के सुलेमसराय मोहल्ला निवासी राम कुमार दुबे रेलवे में ड्राइवर के पद पर तैनात है। परिवार में पत्नी बबिता दुबे व तीन बेटे प्रशांत, विक्रांत व प्रभात हैं। इसमें प्रशांत साफ्टवेयर इंजीनियर है और बाहर रहता है। महिला का आरोप है कि उसने कई साल पहले रामऔतार नामक व्यक्ति से मकान खरीदा था। रामऔतार की मौत के बाद से उसके परिवार के लोग आए दिन घर पर चढ़कर मकान छोड़ने की बात करते हैं। पीडि़ता का आरोप है कि मृतक के रिश्तेदार अर्जुन प्रजापति व हरि जबरन मकान में कब्जा जमाना चाहते हैं। दो दिन पूर्व अर्जुन दो दर्जन से अधिक लोगों को लेकर घर में घुस आया। इन लोगों ने अश्लील हरकत की और फिर गाली-गलौज और पिटाई की। शोर मचाने पर धमकी देते हुए भाग गए।

दर्ज किया गया है मुकदमा

इससे पहले भी अर्जुन अपने साथियों के साथ घर में घुसकर गाली गलौज करने के साथ ही आए दिन घर के बाहर असलहा लेकर डराते-धमकाते हैं। इंस्पेक्टर संदीप मिश्रा का कहना है कि पीडि़ता के आरोप के आधार पर अर्जुन प्रजापति, सुलोचना, हरि, माधुरी, नन्नू, अंजली, हरि की बहूु, रोहित, छोटू, रामू की पत्‍‌नी समेत 11 अन्य के खिलाफ उच्चाधिकारियों के आदेश पर मुकदमा दर्ज किया गया है। विवेचना की जा रही है। प्रथमदृष्टया पड़ोसियों से मकान का विवाद सामने आया है।

Posted By: Inextlive