घायल अधिवक्ता को SRN हॉस्पिटल में कराया गया भर्ती, पांच पर FIR

ALLAHABAD: सुलेमसराय में मकान बनवा रहे एक अधिवक्ता को उसी के घर में घुस कर कुछ लोगों ने गोली मार दी। शनिवार की शाम हुई इस घटना से इलाके में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही सीओ डीपी तिवारी व धूमनगंज पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल अधिवक्ता को एसआरएन हॉस्पिटल में भर्ती कराया। घटना की वजह जमीन का विवाद बताया जा रहा है। घायल अधिवक्ता के भाई ने पांच लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है।

जमीन का चल रहा है विवाद

धूमनगंज थाना क्षेत्र के राजरूपपुर निवासी राजेश त्रिपाठी का एक मकान सुलेमसराय में है। शेरवानी मोड़ के पास उनके दूसरे मकान का निर्माण चल रहा है। शाम करीब पांच बजे मिस्त्री व मजदूर मकान के निर्माण में लगे थे। ऊपरी मंजिल पर भांजा मनीष मिश्र व पंकज पांडेय मौजूद थे। राजेश गलियारे में बैठे थे। आरोप है कि इसी दौरान वहां पहुंचे सोनू उर्फ राजू व जितेन्द्र ने तमंचे से राजेश पर फायर झोंक कर दिए। बाएं पैर में गोली लगने से अधिवक्ता राजेश चीखने लगे। यह देख हमलावर धमकी देते हुए भाग निकले। शोर सुनकर भांजा और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। खबर मिलते ही सीओ डीपी तिवारी समेत स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। राजेश के छोटे भाई राजेन्द्र ने आरोप लगाया कि नैनी जेल में बंद मानसिंह व विक्रम, विनोद ने साजिश के तहत सोनू और जितेन्द्र के जरिए जानलेवा हमला करवाया है।

24 को होनी है गवाही

भाई ने बताया कि जमीन को लेकर अभियुक्तों से उनकी पुरानी रंजिश है। एक मुकदमे में 24 को राजेश की गवाही होनी थी। उससे पहले ही गोली मार दी गई। बीते साल सिविल लाइंस में ललित की हत्या कर दी गई थी। मामले में विक्रम ने अपने भाई को मारने के बाद तत्कालीन विधायक पूजा पाल, राजेश समेत कई अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

तहरीर के आधार आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया गया है। गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

डीपी तिवारी, सीओ सिविल लाइन

Posted By: Inextlive