-बिहटा में बेखौफ बदमाशों ने हथियार के बल पर पेट्रोल पंप पर मचाया तांडव

PATNA: पटना में अपराधी बेखौफ हो गए हैं। आए दिन अपराध की घटनाएं हो रही है। पुलिस अपराध पर लगाम लगाने का दावा करती है लेकिन अपराधी उन्हे खुलेआम चुनौती देते हैं कि पकड़ सको तो पकड़ लो।

राजधानी में शनिवार की शाम बिहटा खगौल मुख्य मार्ग स्थित बिहटा थाना क्षेत्र के बेला गांव के समीप स्थित मिथलेश पेट्रोल पंप पर बदमाशों ने पांच लाख रुपए की लूट की है। बदमाश ग्राहक बनकर पेट्रोल लेने आए थे। उन लोगों ने 200 रुपए का पेट्रोल भरवाया। इसके बाद कर्मचारियों से रुपए छिनने लगे। कर्मचारियों ने इसका विरोध किया तो बंदूक के बट से उन पर हमला कर दिया। इसमें दो कर्मचारी घायल हो गए। घायल कर्मी को इलाज के लिए बिहटा रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है.इसके बाद बदमाश पांच लाख रुपए लेकर भाग गए। पुलिस ने बताया कि पांच बदमाश थे। दो लोगों के पास हथियार था। उनका चेहरा खुला हुआ था। पुलिस पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी को खंगाल रही है। संदिग्ध से भी पुलिस पूछताछ कर रही है।

पुलिस बनी रही मूक दर्शक

पेट्रोल पंप के कर्मचारियों ने बताया कि दो बाइक से पांच अपराधी लूट के लिए आए थे। वो लोग मारपीट कर रहे थे और रुपए लूट रहे थे। हैरानी की बात ये है कि महज कुछ ही दूरी पर पेट्रोलिंग की पुलिस खड़ी थी लेकिन वो मूक दर्शक बनी रही।

एक ही ट्रेंड से अपराध कर रहे हैं बदमाश

हैरानी की बात ये है कि पटना में अधिकांश पेट्रोल पंप लूट में अपराधियों का ट्रेंड एक जैसा ही है। जुलाई 2019 में शाहपुर थाना क्षेत्र में पेट्रोल पंप पर तीन लाख रुपए की लूट हुई थी। इस मामले में भी अपराधियों ने 50 रुपए का पेट्रोल देने को कहा। इसके बाद बाइक से उतर कर सभी इधर-उधर हो गए। हथियार के बल पर तीन लाख रुपए लूट कर वहां से भाग गए। हालांकि बाद में पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी दानापुर के ही थे। ऐसे में पुलिस एक फिर उसी गिरोह पर संदेह जाहीर कर रही है। पुलिस पुराने आरोपियों से पूछताछ करने में जुटी हुई है।

घटना की जैसे ही सूचना मिली क्षेत्र में नाकाबंदी कर दिया गया है। आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रहे हैं। आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रहे हैं। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

-अशोक मिश्रा, एएसपी, दानापुर

Posted By: Inextlive