एडमिनिस्ट्रेशन की टीम ने सर्वे कर स्थान किया चिह्नित

हाईकोर्ट के आदेश का पालन करने की तैयारी

ALLAHABAD: भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू की जन्मस्थली 77 मीरगंज एरिया को देह व्यापार से मुक्त कराने के बाद अब पंडित नेहरू की प्रतिमा स्थापित करने की तैयारी शुरू हो गई है। इसके लिए शनिवार को प्रशासन, नगर निगम एडीए के साथ ही पुलिस अधिकारियों की टीम ने मीरगंज व चौक एरिया का निरीक्षण करने के साथ सर्वे किया। इस दौरान प्रतिमा स्थापित करने के लिए कुछ स्थानों को चुना गया। जिनमें से एक स्थान को फाइनल किया जाएगा।

तीन स्थान चिह्नित

एडीएम सिटी विपिन मिश्रा शनिवार की सुबह करीब नौ बजे उपनगर आयुक्त सुमित कुमार, एडीए के जोनल अधिकारी आलोक पांडेय व समाज सेवी सुनील चौधरी के साथ मीरगंज क्षेत्र में पहुंचे। अधिकारियों की टीम ने पूर्व प्रधानमंत्री की प्रतिमा लगाने के लिए उचित स्थान की तलाश में मीरगंज के साथ ही पूरे चौक एरिया का निरीक्षण किया। लोकनाथ चौराहे पर सड़क किनारे प्यॉऊ स्थल, टेलीफोन के तीन खंभों के बीच तथा बादशाही मण्डी पुलिस चौकी के सामने मंदिर के बगल के स्थान को प्रतिमा स्थापित करने के लिए चुना गया। नीम के पेड़ के पास भी देखा गया, लेकिन स्थानीय दुकानदारों ने इसका विरोध किया।

एरिया का होगा ब्यूटीफिकेशन

हाईकोर्ट के आदेश पर पंडित नेहरू की प्रतिमा मीरगंज व चौक क्षेत्र में स्थापित करने के लिए स्थान सेलेक्ट करने के बाद कमिश्नर व जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्ताव भेजा जाएगा। अधिकारियों की सहमति पर निर्णय लिया जाएगा कि प्रस्तावित तीन स्थानों में से किस स्थान पर प्रतिमा लगवाई जाए। जिस स्थान पर प्रतिमा स्थापित होगी, उस स्थान को सुंदर बनाया जाएगा। होर्डिग लगाने के साथ ही ब्यूटीफिकेशन किया जाएगा। निरीक्षण व सर्वे के दौरान पार्षद सत्येंद्र चोपड़ा, संजय जायसवाल, कांग्रेस नेता परवेज अख्तर अंसारी आदि मौजूद रहे। हाईकोर्ट ने पंडित जवाहर लाल नेहरू की प्रतिमा स्थापित करने के लिए एडमिनिस्ट्रेशन को एक महीने का समय दिया था, जो 12 सितंबर को खत्म हो रहा है। 12 सितंबर को हाईकोर्ट में सुनवाई है।

Posted By: Inextlive