-ब्रह्मावर्त घाट का मामला, एसओ ने घटना से किया इंकार

>kanpur@inext.co.in

KANPUR : बिठूर में शनिवार की सुबह मछली का शिकार करने वालों ने पुलिस पर हमला बोल दिया। उन्होंने पुलिस को देखकर फायरिंग भी की, जिससे सहमे सिपाही समेत अन्य लोग बैकफुट पर आ गए। जिसका फायदा उठाकर वे घाट से भाग निकले। हालांकि एसओ ने फायरिंग से इंकार किया है। बिठूर में ब्रह्मावर्त घाट में कई दिनों से मछली का शिकार किया जा रहा है। गंगा जीव-जंतु सुरक्षा समिति के पदाधिकारी उदय नारायण और राजेश शुक्ला शुक्रवार की शाम को बिठूर पुलिस को यह जानकारी दी तो सिपाही बृजेश यादव और धर्मेन्द्र तड़के उनके साथ ब्रह्मावर्त घाट पहुंच गए। वे नाव से मछली का शिकार करने वालों को पकड़ने जा रहे थे कि उन लोगों ने सिपाहियों को देख हवाई फायरिंग कर दी। जिससे सिपाही समेत अन्य लोगों को पीछे हटना पड़ा और शिकार कर रहे मछुआरे भाग निकले। एसओ देवेश शुक्ला का कहना है कि शिकायत पर सिपाही घाट पर गए थे, फायरिंग की बात गलत है।

Posted By: Inextlive