मलपुरा स्थित संप्रेक्षण की घटना, आधी रात को प्रथम तल का जंगला काटा

पुलिस को कई घंटे बाद मिली सूचना, 14 घंटे बाद चार को पकड़ा

आगरा। राजकीय संप्रेक्षण गृह से रविवार की आधी रात पांच किशोर फरार हो गए। इमारत के प्रथम तल पर रखे गए अपचारी खिड़की का जंगला काटने के बाद छत के रास्ते कूदकर भागे थे। स्टाफ ने कई घंटे तक पुलिस को घटना की सूचना नहीं दी। सोमवार सुबह आठ बजे जानकारी होने पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। इसके बाद उनकी तलाश शुरू हुई, करीब 14 घंटे बाद चार अपचारी पकड़ लिए।

मलपुरा के सिरौली स्थित राजकीय संप्रेक्षण गृह में 120 किशोर रह रहे हैं। प्रत्येक कमरे में 15 से 20 अपचारी रहते हैं। रविवार की आधी रात को स्टाफ कमरा तीन में रखे गए किशोरों की नियमित होने वाली गिनती करने गया। वहां खिड़की का जंगला कटा देखा। गिनती करने पर पांच किशोर गायब थे। इससे स्टाफ और वहां तैनात होमगार्ड में हड़कंप मच गया। फरार दो किशोर एटा के थाना बागवाला एवं जैथरा, एक हाथरस के थाना हाथरस जंक्शन, एक लोहामंडी और एक शाहगंज क्षेत्र का रहने वाला था।

किशोर भागने के दौरान एक होमगार्ड मोबाइल भी अपने साथ ले गए थे। स्टाफ अपने स्तर से फरार किशोरों को तलाश करता रहा। पुलिस को इसकी जानकारी नही दी। सोमवार सुबह आठ बजे पुलिस को घटना की जानकारी हुई। एसपी ग्रामीण रवि कुमार, सीओ नम्रिता श्रीवास्तव संप्रेक्षण गृह पहुंच गए। इसके बाद स्टाफ ने मुकदमा दर्ज कराया। इसमें पांच किशोरों के अलावा चार होमगार्ड और तीन कर्मचारियों को भी लापरवाही का आरोपित बनाया।

पुलिस ने सर्विलांस की मदद से किशोरों का पता लगाने का प्रयास किया। उनकी लोकेशन देहात के एक थाना क्षेत्र में मिली। पुलिस ने चार किशोरों को भगवान टॉकीज चौराहे से घेराबंदी करके पकड़ लिया। पूछताछ में किशोर पुलिस और स्टाफ को चकमा देने की कोशिश करते रहे। उनका कहना था कि वह एक परिचित की शादी में शामिल होने के लिए हरियाणा के बल्लभगढ़ गए थे। वहां से लौटकर आगरा आए, यहां से एटा के लिए बस का इंतजार कर रहे थे। हाथरस का रहने वाला किशोर पुलिस के हाथ नहीं आया है।

तीन महीने में दूसरी घटना

राजकीय संप्रेक्षण गृह में तीन महीने के दौरान दूसरी घटना है। इससे पहले 26 अक्टूबर की सुबह शौचालय की खिड़की तोड़कर तीन किशोर फरार हो गए थे। उन्हें बाद में पकड़ लिया गया। रविवार की आधी रात फरार हुए पांच लोगों में तीन महीने पहले भागे दो किशोर भी शामिल थे।

'राजकीय संप्रेक्षण गृह से फरार पांच में चार अपचारी को पकड़ लिया गया है। पांचवे की तलाश जारी है.'

रवि कुमार एसपी ग्रामीण

Posted By: Inextlive