पांच घंटे तक की देरी से आई ट्रेनें, यात्रियों को हुई परेशानी

आगरा। सर्दी में कोहरे के चलते ट्रेनों की रफ्तार पर ब्रेक लग गया है। गतिमान करीब ढाई घंटे और शताब्दी करीब तीन घंटे की देरी से आई। शाम तक ट्रेनों के देरी से आने का सिलसिला जारी रहा। ऐसे में यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

शनिवार सुबह छाए घने कोहरे से रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित रहा। दिल्ली से चलकर झांसी को जाने वाली सेमी हाई स्पीड ट्रेन गतिमान की गति भी प्रभावित रही। आगरा कैंट स्टेशन पर ट्रेन करीब ढाई घंटे की देरी से पहुंची। दिल्ली से आने वाली शताब्दी, ताज एक्सप्रेस भी देरी से पहुंची। महाकौशल एक्सप्रेस पांच घंटे, श्रीधाम, झेलम एक्सप्रेस, गोवा एक्सप्रेस भी एक से तीन घंटे की देरी से पहुंचीं। एक दर्जन से अधिक ट्रेनें कोहरे में ट्रेनों के घंटों लेट होने के चलते यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इंटरनेट बंद होने के कारण ट्रेनों के लाइव लोकेशन पता न चलने के कारण उन्हें स्टेशन पर घंटों इंतजार करना पड़ा।

Posted By: Inextlive