RANCHI:रांची में एक बार फिर मौसम ने करवट ली है। सुबह जब लोगों की आंख खुली तो उन्होंने पूरी रांची को कोहरे की चपेट में पाया। विजिब्लिटी इतनी कम थी कि लोग 20 मीटर आगे भी नहीं देख पा रहे थे। दो दिनों तक ठंड से राहत मिलने के बाद अचानक राजधानी रांची समेत राज्य के कई शहर धुंध के आगोश में समा गए हैं। शनिवार की सुबह 8 बजे के बाद तक भी पूरा शहर धुंध की चादर में लिपटा नजर आया।

तीन दिनों के भीतर बारिश का अनुमान

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले 3 दिनों में झारखंड में बारिश भी होगी। इधर, सिटी और आसपास धुंध कुछ इस तरह छाया रहा कि सड़कों पर 20 मीटर पर भी वाहन साफ नहीं दिख रहे थे। हाईवे पर धुंध की वजह से विजिब्लिटी कम हो गई। इससे वाहनों की रफ्तार भी धीमी हो गई। वहीं, मौसम में इस परिवर्तन के बाद ठंड भी बढ़ गई है।

धुंध छंटते ही बढ़ेगी कंपकपी

वहीं, दूसरी तरफ राजधानी रांची के कुछ हिस्सों में लोग धुंध का मजा लेते भी नजर आए। बच्चे जहां क्रिकेट खेलने में मशगूल थे तो वहीं, मॉर्निंग वाक करने वाले लोग घने कोहरे में भी मॉर्निंग वॉक पर निकल पड़े थे। मौसम विभाग के वैज्ञानिकों के अनुसार कोहरे के साफ होने के बाद राजधानी रांची में ठंड एक बार फिर जोरदार दस्तक देगी पारा 8-10 डिग्री तक जा सकता है।

Posted By: Inextlive