लॉकडाउन के संबंध में सरकार के निर्देश का पालन करना नैतिक दायित्व है। पुलिस हमारे अच्छे के लिए लोगों को घर पर रखने की कोशिश कर रही है। गुड फाइडे के अवसर पर ऑर्कबिशप ऑफ बॉम्बे कार्डिनल ओसवाल्ड ग्रेसीस ने ऐसी ही बाते कह कर लोगाें को जागरुक किया।

मुंबई (महाराष्ट्र) (एएनआई)। कोरोना वायरस की वजह से देश में 14 अप्रैल तक का लाॅकडाउन लगा है। इस बीच बड़ी संख्या में लाॅकडाउन तोड़े जाने के मामले सामने आ रहे हैं। इस दाैरान गुड फ्राइडे के अवसर पर ऑर्कबिशप ऑफ बॉम्बे कार्डिनल ओसवाल्ड ग्रेसीस ने कहा है कि कोरोना वायरस प्रकोप के मद्देनजर राष्ट्रीय लॉकडाउन के संबंध में सरकार के निर्देश का पालन करना नैतिक दायित्व है। उन्होंने कहा, सरकार जो भी निर्णय लेती है, हमें उसका पालन करना चाहिए। अगर हमें घर के अंदर रहना है, तो हमें न केवल अपनी सुरक्षा के लिए घर के अंदर रहना होगा, बल्कि दूसरों की रक्षा करना भी नैतिक दायित्व होगा। हमें एक साथ मिलकर इसका पालन करना होगा। कार्डिनल ग्रेसिया भारत के कैथोलिक बिशप सम्मेलन के अध्यक्ष भी हैं।

पुलिस हमारे अच्छे के लिए लोगों को घर पर रखने की कोशिश कर रही

इस दाैरान बॉम्बे कार्डिनल ओसवाल्ड ग्रेसीस ने सभी स्वास्थ्य कर्मियों को श्रद्धांजलि दी जो वायरस से लड़ने के लिए अपने जीवन को जोखिम में डाल लिया। उन्होंने कहा हम महान स्वयंसेवकों, हमारे डॉक्टर, नर्स, अटेंडेंट और वैज्ञानिक को सेल्यूट करते हैं जो इस लड़ाई में मैदान में उतरे हैं। इस दाैरान उन्होंने सिविक अथाॅरिटीज को भी सेल्यूट किया। पुलिस हमारे अच्छे के लिए लोगों को घर पर रखने की कोशिश कर रही है। इसलिए, हमें एहसास है कि हमें एक दूसरे की जरूरत है। महाराष्ट्र में कोरोना के मामले तेजी से सामने आ रहे हैं। शनिवार सुबह तक इस राज्य में 1,666 लोगों में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई।

Posted By: Shweta Mishra