- लहूलुहान पर्यटक को साथियों और दुकानदारों ने संभाला

- पर्यटन पुलिस ने किया शिकायत मिलने से इन्कार

आगरा। ताज के पूर्वी गेट पर बाइक की टक्कर से विदेशी महिला पर्यटक घायल हो गई। उसके सिर से खून बहने पर साथियों और दुकानदारों ने उसे संभाला। चंद फासले पर खड़ी एंबूलेंस को पर्यटक तक पहुंचने में आधा घंटा लग गया। पर्यटन पुलिस शिकायत मिलने से इन्कार कर रही है।

सड़क पार कर रही थी

मंगलवार सुबह 10:30 बजे विदेशी पर्यटकों का ग्रुप ताजमहल देखकर लौट रहा था। पोलैंड की बताई जा रही महिला पर्यटक शिव मंदिर के पास सड़क पार कर रही थी। इसी दौरान वह बाइक की चपेट में आ गई और गिर पड़ी। उसके सिर में चोट लगने से खून बहने लगा। फ‌र्स्ट एड के बाद महिला पर्यटक अपने साथियों के साथ चली गई। इंस्पेक्टर पर्यटन दिनेश कुमार ने बताया कि महिला पर्यटक ने हॉस्पिटल जाने से इन्कार कर दिया। उसने किसी तरह की शिकायत नहीं की है। बाइक सवार के बारे में जानकारी की जा रही है।

-----

यलो जोन में हुई दुर्घटना

ताज के पास जिस जगह महिला बाइक से टकराई, वो जगह यलो जोन में आती है। ताज के 500 मीटर की परिधि को यलो जोन कहते हैं। इसमें सुरक्षा व्यवस्था का जिम्मा पुलिस-पीएसी संभालती है।

----

20 किमी की गति है निर्धारित

ताज के पास वाहनों की गति सीमा 20 किमी प्रति घंटा निर्धारित है। जिस बाइक से महिला पर्यटक का एक्सीडेंट हुआ वो अधिक रफ्तार से नहीं चलाई जा रही थी। रफ्तार अधिक होने पर दुर्घटना गंभीर हो सकती थी।

Posted By: Inextlive