- सेल टैक्स अधिकारी पर हमले में थे नामजद

- बुधवार की रात छापा मारकर घर से ले गई पुलिस

GORAKHPUR:

तारामंडल स्थित वाणिज्य कर कार्यालय में बवाल काटने के आरोपी, नगर निगम के पूर्व उपसभापति चंद शेखर सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार की रात खोराबार पुलिस के साथ-साथ कई थानों की फोर्स चंदशेखर सिंह के आवास पर पहुंची। घेराबंदी करके पुलिस आरोपी को थाने ले गई। पूर्व उपसभापति ने कहा कि उनके पास हाईकोर्ट का अरेस्ट स्टे है। सपा एक नेता के इशारे पर पुलिस ने उनके खिलाफ कार्रवाई की। इस मामले में मुख्य आरोपी मोबाइल विक्रेता संजय कुमार पहले से जेल में है।

18 मई को दफ्तर में किया बवाल

खोराबार एरिया के तारामंडल स्थित वाणिज्यकर अधिकारी कार्यालय में 18 मई को बवाल हुआ था। आरोप है कि वाणिज्यकर अधिकारी अनिल कुमार शर्मा मोबाइल व्यापारी के बरामद माल के संबंध में पेपर की जांच पड़ताल कर रहे थे। तभी अभियुक्त संजय कुमार जायसवाल, चंदशेखर सिंह, दिग्विजय सिंह, प्रतीश शुक्ला, पवन सिंह सहित कई लोग पहुंचे। असलहा लहराते हुए उन लोगों ने दिव्यांग अनिल शर्मा पर हमला बोल दिया। गुस्साए कर्मचारियों ने व्यापारी को पकड़ लिया। अन्य आरोपी फरार हो गए।

जमानत अर्जी हो चुकी है खारिज

मामले के मुख्य आरोपी मोबाइल विक्रेता संजय कुमार जायसवाल की जमानत अर्जी बुधवार को खारिज हो गई थी। इस घटना में पूर्व उपसभापति चंद्रशेखर सिंह सहित अन्य अभियुक्तों की पुलिस तलाश कर रही थी। बुधवार की रात भारी पुलिस बल ने चंदशेखर सिंह के आवास विकास कालोनी स्थित आवास पर दबिश दिया। चंदशेखर सिंह सहित कई युवकों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। चंदशेखर सिंह ने दावा किया कि उनके पास हाईकोर्ट का अरेस्ट स्टे है। बावजूद इसके पुलिस ने उनको बेजा तरीके से थाने में रखा। उनके साथ बदसलूकी की गई। आरोप लगाया एक सपा नेता के इशारे पर पुलिस उनका उत्पीड़न कर रही है।

Posted By: Inextlive