- सौ रुपये के विवाद में ब्रह्मपुरी एरिया में हो गया था सांप्रदायिक बवाल

- पुलिस ने दोनों संप्रदाय के दो-दो लोगों को भेजा जेल

- डेढ़ सौ लोगों के खिलाफ पुलिस ने अज्ञात में दर्ज किया मुकदमा

- फोटो से पहचान करने के बाद सभी पर की जाएगी सख्त कार्रवाई

Meerut: ब्रहम पुरी एरिया में शुक्रवार को हुए सांप्रदायिक बवाल में पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा कायम कर गिरफ्तार कर लिया है। इसके अलावा दोनों संप्रदाय के डेढ़ सौ लोगों के खिलाफ अज्ञात में मुकदमा कायम कर लिया है। पुलिस का कहना है कि शहर की फिजा खराब करने वाले लोगों को बख्शा नहीं जाएगा।

क्या था मामला

ब्रह्मपुरी एरिया के सैनी वाली गली निवासी अरुण की फिरोज बिल्डिंग में रहने वाले कालू उर्फ कलवा से सौ रुपये के लेन-देन को लेकर विवाद हो गया था। आरोप था कि पहले अरुण ने कलवा की पिटाई कर दी, जिसके बाद कलवा पक्ष के लोगों ने अरुण को जमकर पीटा था। इस बाद दोनों संप्रदाय के लोग आ गए थे और एक दूसरे के ऊपर पथराव कर दिया था। जिसमें कुछ लोगों को चोट भी लगी थी। इस दौरान पुलिस ने दोनों संप्रदाय के लोगों को समझाने की कोशिश की गई थी, लेकिन नहीं मानने पर पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा था। करीब आधा घंटे बाद ही मामला शांत हो सका था। ब्रह्मपुरी पुलिस ने एक तरफ से अरुण और सूरज और दूसरी तरफ से कालू और वसीम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

इन्होंने कहा

सौ रुपये के लेन-देन को लेकर दो आपस में जान-पहचान रखने वाले लोगों में मारपीट हुई थी। हमने दोनो तरफ से दो-दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जबकि डेढ़ सौ लोगों के खिलाफ अज्ञात में मुकदमा दर्ज कर लिया है। शहर की फिजा खराब करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

विजय प्रताप

सीओ ब्रहम पुरी

Posted By: Inextlive