RANCHI:कोरोना के खिलाफ लड़ाई के लिए पूरा देश लॉकडाउन है, पुलिस-प्रशासन की तरफ से लोगों को अपने घरों में रहने की अपील की जा रही है। इसी बीच रांची पुलिस ने चार चीनी नागरिकों को होम क्वॉरेंटाइन में रहने का निर्देश दिया है। मामले की जानकारी रांची के एसडीओ लोकेश मिश्र को एक दुकानदार के जरिए मिली, जिसके बाद लालपुर थाने की टीम ने चारों चीनी नागरिकों से पूछताछ की। शनिवार की रात रांची के लालपुर थाना क्षेत्र के एक अपार्टमेंट में चीन के रहने वाले चार लोगों की मौजूदगी की सूचना पर हड़कंप मच गया। जानकारी मिलने के बाद लालपुर थाने की टीम ने चारों चीनी नागरिकों से पूछताछ की।

यह है पूरा मामला

चीन के चार नागरिकों के लालपुर स्थित एक अपार्टमेंट में रहने की सूचना पुलिस-प्रशासन को दी गई। इस सूचना पर लालपुर थाना प्रभारी अरविंद कुमार सिंह पुलिस मेडिकल टीम के साथ अपार्टमेंट पर पहुंचे। चारों नागरिकों को रेस्क्यू कर उनका प्रारंभिक मेडिकल टेस्ट करवाया गया, हालांकि कोरोनावायरस से संबंधित कोई लक्षण नहीं मिले। चाइनिज नागरिकों ने बताया कि वे रांची में पिछले चार सालों से रह रहे हैं, बीते चार महीने पहले चीन गए थे। वहां से लौटकर रांची में ही रह रहे हैं। चारों एक मोबाइल कंपनी में कर्मचारी हैं। उनकी स्थिति का जायजा लेने के बाद पुलिस-प्रशासन ने उन्हें होम क्वारंटाइन में रहने का निर्देश दिया है।

ऐसे मिली जानकारी

लालपुर इलाके में चीनी नागरिकों के होने की पहली सूचना बाजार समिति के सचिव अभिषेक आनंद को मिली। उन्हें एक स्थानीय व्यक्ति के माध्यम से चीनी नागरिकों ने 80 पैकेट मैगी, 8 कार्टून पानी, 4 लीटर तेल और 10 पैकेट टिशू पेपर का ऑर्डर दिया था। इसके लिए वे 10 गुना अधिक भुगतान करने को तैयार थे। इतने बड़े ऑर्डर के बाद बाजार समिति के सचिव को इस पर संदेह हुआ। इसके बाद उन्होंने इसकी सूचना रांची एसडीओ लोकेश मिश्रा को दी। एसडीओ लोकेश मिश्रा ने तुरंत लालपुर थाना प्रभारी अरविंद सिंह को जांच करने के लिए भेजा। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि चाइना के चार व्यक्ति यहां रह रहे हैं। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वह सभी 2 साल से रांची में रह रहे थे। चीन में कोरोना वायरस के फैलाव के दौरान वे रांची में ही थे।

Posted By: Inextlive